कांग्रेस ने अपने एक परिवार को पहचान दिलाने के लिए देश के कोने-कोने में बसे आदिवासी परिवारों की पहचान मिटा दी : पीएम मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारखंड के हजारीबाग में विशाल परिवर्तन महासभा को संबोधित किया। उन्होंने इस दौरान कहा, झारखंड की इस धरती ने जनजातीय संस्कृति को संजोया है, भगवान बिरसा मुंडा की प्रेरणा को संजोया है। आज गांधी जयंती के पावन अवसर पर मुझे यहां आने का सौभाग्य मिला है। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान 1925 में गांधी जी हजारीबाग आए थे। बापू के विचार, बापू की शिक्षाएं… हमारे संकल्पों का हिस्सा है। मैं बापू को नमन करता हूं, श्रद्धांजलि देता हूं।

झारखंड के साथ भाजपा का और मेरा… अपना एक विशेष रिश्ता बन गया है। ये रिश्ता दिल का रिश्ता है, साझे सपनों का रिश्ता है। इसलिए झारखंड मुझे बार-बार बुलाता है और मैं भी बार-बार दौड़ा चला आता हूं। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, मोबाइल मेडिकल यूनिट्स, बिजली, पानी, सोलर एनर्जी और ऐसी ही अन्य योजनाएं इन सबका झारखंड के लोगों को बहुत बड़ा लाभ मिलेगा। इन योजनाओं से यहां के आदिवासी समाज के जीवन में बहुत बड़ा बदलाव आएगा। उन्हें आगे बढ़ाने का मौका मिलेगा।

पीएम ने कहा, कांग्रेस ने अपने एक परिवार को पहचान दिलाने के लिए, देश के कोने-कोने में बसे आदिवासी परिवारों की पहचान मिटा दी। आजादी की लड़ाई में इतना बड़ा योगदान देने वाले आदिवासी समाज को कांग्रेस ने कभी महत्व नहीं दिया। सारी योजनाएं एक ही परिवार के बेटे-बेटी के नाम पर, सारी सड़कें, सारी इमारतें एक ही परिवार के बेटे-बेटी के नाम पर, ऐसी परिवारवादी सोच ने देश को बहुत नुकसान किया।

केंद्र सरकार झारखंड के विकास के लिए एक ओर दिन-रात मेहनत कर रही है, दूसरी ओर झारखंड सरकार, झारखंड के विकास को पटरी से उतारने में लगी है। आज झारखंड का बच्चा-बच्चा जान चुका है, झारखंड के विकास में सबसे बड़ी बाधा कांग्रेस-JMM और RJD का गठजोड़ है। झारखंड तभी आगे जाएगा, जब ये सरकार हटेगी। झारखंड तभी आगे जाएगा, जब यहां परिवर्तन होगा। RJD के लोगों ने झारखंड को अपनी लूट का ठिकाना बना रखा था। जल-जंगल-जमीन की खुलेआम लूट होती थी। इस इलाके को इन्होंने अपराधियों-माफियाओं का सेफ हाउस बना रखा था और RJD वालों को दिल्ली से कौन शह दे रहा था?- कांग्रेस पार्टी।

उन्होंने कहा, अब JMM भी कांग्रेस और RJD के रंग में रंग गई है। ये वो पुरानी JMM नहीं है। आज JMM पर कांग्रेस के ecosystem ने कब्जा कर लिया है। आज JMM पर कांग्रेस का भूत सवार है- भाषा बदली, चरित्र बदला, और अब ये झारखंड की आत्मा को ही बदलने चले हैं। JMM और कांग्रेस वाले झारखंड में घोटालों का मैराथन कराने में लगे हैं।

Related Articles

Back to top button