
Jaipur Airport: जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हवा में उड़ रही एक फ्लाइट में बम होने की सूचना सामने आई। सुरक्षा एजेंसियों को जानकारी मिलते ही तत्काल आपातकालीन कदम उठाए गए और विमान को सुरक्षित रूप से जयपुर एयरपोर्ट पर उतारा गया। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया, जिससे यात्रियों और उनके परिजनों में भी चिंता और दहशत का माहौल बन गया।
एयर इंडिया की फ्लाइट को जयपुर किया गया डायवर्ट
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मामला विस्तारा एयरलाइंस की फ्लाइट AI 2030 से जुड़ा है, जिसका संचालन वर्तमान में एयर इंडिया कर रहा था। उड़ान के दौरान विमान में बम होने की अफवाह फैलने के बाद क्रू मेंबर और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के बीच संपर्क स्थापित किया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विमान को नजदीकी जयपुर एयरपोर्ट की ओर मोड़ने और आपात स्थिति में उतारने का फैसला लिया गया।
पायलट और क्रू ने संभाली स्थिति
विमान के अंदर बम की सूचना सामने आने के बाद यात्रियों के बीच भय और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, पायलट और क्रू सदस्यों ने सूझबूझ दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित रखा। विमान के जयपुर एयरपोर्ट पर उतरते ही केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), स्थानीय पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और पूरे विमान को सुरक्षा घेरे में ले लिया।
आइसोलेशन वे में विमान
आपातकालीन लैंडिंग के बाद विमान को तुरंत आइसोलेशन वे में ले जाया गया। यहां सुरक्षा एजेंसियां और बम निरोधक दस्ता मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत विमान की बारीकी से जांच कर रहे हैं। विमान के प्रत्येक हिस्से की जांच के साथ सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह कड़ा कर दिया गया है।
यात्रियों और सामान की भी सघन तलाशी
सुरक्षा एजेंसियां विमान में मौजूद यात्रियों और उनके सामान की भी गहन तलाशी ले रही हैं। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि बम की सूचना महज अफवाह थी या इसके पीछे किसी गंभीर साजिश की आशंका है। फिलहाल जांच पूरी होने तक एयरपोर्ट पर सुरक्षा प्रोटोकॉल जारी है और पूरे परिसर में सतर्कता बढ़ा दी गई है।



