
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को काशीपुर (Kashipur) में आयोजित भाजपा के दो दिवसीय विधानसभा विस्तारक एवं प्रभारी सम्मेलन में पहुंचे। दोपहर करीब 12:15 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। सम्मेलन में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन को मजबूत बनाने के तरीकों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष और प्रदेश सह प्रभारी बांसुरी स्वराज भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान पार्टी पदाधिकारियों और विधानसभा प्रभारियों को चुनाव से पहले संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने तथा बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका मजबूत करने पर जोर दिया गया। सम्मेलन के समापन पर मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता आगामी विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने दावा किया कि पार्टी 2027 में फिर से प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
CM धामी ने काशीपुर को बताया धार्मिक शहर
मुख्यमंत्री ने काशीपुर को धार्मिक, औद्योगिक और सांस्कृतिक महत्व वाला शहर बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले यहां होने वाले पार्टी कार्यक्रमों से कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ता है और संगठन को मजबूती मिलती है। उन्होंने बूथ सशक्तीकरण अभियान का भी उल्लेख किया और कहा कि पार्टी कार्यकर्ता चुनाव की तैयारियों को लेकर संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे।
CM धामी ने सुनीं आम लोगों की समस्याएं
काशीपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आईजीएल हेलीपैड पर स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें उनके सामने रखीं।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर जल्द, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए।
विकास कार्यों पर भी हुई चर्चा
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की विकास जरूरतों और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जनप्रतिनिधियों से बातचीत की। उन्होंने दोहराया कि सरकार का लक्ष्य समस्याओं का समय पर समाधान करना है। कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया और एसएसपी अजय गणपति सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।



