
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ को लेकर कहा कि इससे भाजपा के चुनावी अभियान पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनेगी। वहीं, भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष पूजा पाल ने भी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्हें अपना आचरण सुधारने की नसीहत दी।‘सपा में असंतोष, नेता दे रहे अलग-अलग बयान’अनिल राजभर ने कहा कि भाजपा ने जमीन पर चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं और जनता का समर्थन पार्टी के साथ है। उनके मुताबिक, किसी नए गठबंधन से भाजपा के चुनावी अभियान पर असर नहीं पड़ेगा।उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा प्रमुख घबराहट और अविश्वास के शिकार हैं। राजभर ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी में असंतोष चरम पर है और पार्टी के नेता अलग-अलग बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को दूसरों पर टिप्पणी करने के बजाय पहले अपनी पार्टी को संभालने पर ध्यान देना चाहिए।‘सपा सरकार में दलितों की जमीनों पर हुए कब्जे’सपा सरकार के कार्यकाल को लेकर अनिल राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री रहते दलितों का उत्पीड़न हुआ और उनकी जमीनों पर कब्जे किए गए। उन्होंने दलित महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की घटनाओं का भी उल्लेख किया।राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के कार्यकाल में उनके मंत्री आजम खान ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के लिए भूमाफिया जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपनी सरकार के कार्यकाल और नेताओं के बयानों पर विचार करना चाहिए।पूजा पाल बोलीं- ‘दूसरों को अपमानित करना अखिलेश की फितरत’भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष पूजा पाल ने भी अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपना आचरण देखना चाहिए। पूजा पाल ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने कई बार पत्रकारों, पुलिसकर्मियों और दलित समाज के लोगों को अपमानित किया है।उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार सभी वर्गों के लिए काम कर रही है और सबको साथ लेकर चल रही है।



