देहरादून: हॉटस्पॉट का डेटाबेस बना मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने की तैयारी

देहरादून: हॉटस्पॉट का डेटाबेस बना मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने की तैयारी

मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं को रोकने और जन-धन की सुरक्षा के लिए डीएम डॉ. आशीष चौहान ने विभागों को ठोस एवं समन्वित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके चलते उन्होंने वन विभाग को पिछले 10 वर्षों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं का एरिया वाइज डेटाबेस तैयार कर हॉटस्पॉट क्षेत्रों की मैपिंग करने और संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा।

डीएम ने ऋषिपर्णा सभागार में मानव-वन्यजीव संघर्ष न्यूनीकरण एवं प्रबंधन समिति की बैठक ली। उन्होंने कहा कि हाथी, गुलदार, बाघ, भालू एवं सांपों की आवाजाही वाले क्षेत्रों और जहां वन्यजीवों-मानव के बीच टकराव की आशंका अधिक रहती है, ऐसे संवेदनशील स्थलों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित किया जाए। पिछले वर्षों में हुई घटनाओं का विश्लेषण कर क्षेत्रवार जोखिम का आंकलन किया जाए और उसके अनुरूप सुरक्षा एवं बचाव के प्रभावी उपाय किए जाएं। इसके साथ ही चिह्नित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में वन विभाग की पेट्रोलिंग टीमों की आवाजाही बढ़ाई जाए और स्थानीय लोगों को लाठी, टॉर्च और लाउड हेलर जैसे आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं।

डीएम ने उरेडा एवं विद्युत विभाग को संवेदनशील क्षेत्रों में सोलर लाइट की व्यवस्था करने और नगर निगम एवं नगर पालिकाओं को ठोस अपशिष्ट एवं कूड़े का समुचित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों को आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आकर्षित करने वाले कारकों पर भी प्रभावी नियंत्रण जरूरी है।

पेट्रोलिंग और क्यूआरटी को किया जाएगा मजबूतडीएम ने वन विभाग की पेट्रोलिंग एवं क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) की संख्या और क्षमता बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि आवश्यकता के अनुसार विभाग को अतिरिक्त मैनपावर भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में कैमरा ट्रैप, निगरानी कैमरों और अर्ली वार्निंग सिस्टम जैसी आधुनिक तकनीकों का अधिकाधिक उपयोग करने के निर्देश दिए। वन्यजीव संघर्ष या वनाग्नि की घटनाओं की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम एवं संबंधित विभाग तक पहुंचाने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1926 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को भी कहा।

जंगल से सटे गांवों में होगी झाड़ियों की कटाईडीएम ने जिला पंचायत राज अधिकारी को जंगल से सटे गांवों के आसपास झाड़ियों की कटाई कराने के निर्देश दिए, ताकि झाड़ियों में छिपे वन्यजीवों की मौजूदगी का पता चल सके और उनके आबादी वाले क्षेत्रों में प्रवेश की आशंका कम हो। उन्होंने कृषि एवं उद्यान विभाग को हाथी प्रभावित एवं संभावित क्षेत्रों में किसानों को पारंपरिक गन्ना एवं धान की फसलों के स्थान पर वैकल्पिक फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने को कहा। इससे वन्यजीवों द्वारा फसलों को होने वाले नुकसान तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को कम करने में मदद मिलेगी।
आप पढ़ रहे हैं : UjjawalPrabhat.Com

Related Articles

Back to top button