चार जून के बाद राहुल बाबा को कांग्रेस ढूंढो यात्रा निकालनी पड़ेगी…हरियाणा में बोले अमित शाह

Lok Sabha Elections 2024: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सोमवार हरियाणा के हिसार में चुनावी जनसभा को संबोधित किए। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, मैं आज आपको बताना चाहता हूं कि कांग्रेस ने अपने शासन में हेलिकॉप्टर घोटाला, बोफ़ोर्स घोटाला और सेना के जवानों की गाड़ियों का भी घोटाला किया। इन्होंने फर्टिलाइजर घोटाला, चावल घोटाला, फ़ूड स्कैम घोटाला किया और खेल के क्षेत्र में भी कॉमनवेल्थ गेम्स का घोटाला भी कांग्रेस ने किया। ये तीनों क्षेत्र जो हरियाणा को आगे बढ़ाते हैं, इन तीनों क्षेत्रों में कांग्रेस ने घोटाले किए।

उन्होंने आगे कहा कि, मोदी जी ने आते ही सबसे पहले वन रैंक-वन पेंशन का काम किया और 1 लाख 20 हजार करोड़ रुपये सेना के जवानों के बैंक अकाउंट में सीधे भेजने का काम किया।
20 लाख करोड़ का अनाज MSP पर खरीदा, आजादी के बाद सबसे ज्यादा अनाज MSP पर अगर किसी एक सरकार ने खरीदा है, तो वो भाजपा की नरेन्द्र मोदी सरकार ने खरीदा है। खेलों के बजट में भी मोदी जी ने तीन गुणा बढ़ोतरी की, स्टेडियम बनाएं, नए कोच लाए, और खिलाड़ियों के मानदेय में बढ़ोतरी करने का भी ऐलान किया। 2036 में मोदी जी ओलंपिक भी हमारे देश में लाने वाले हैं।

गृहमंत्री ने आगे कहा कि, इस चुनाव में दो खेमे हैं। एक खेमे में 12 लाख करोड़ के घपले-घोटाले और भ्रष्टाचार करने वाली कांग्रेस पार्टी है। वहीं दूसरे खेमे में 23 साल तक मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री रहकर भी जिनपर 25 पैसे का भी आरोप नहीं है, ऐसे हमारे नेता नरेन्द्र मोदी जी हैं। साथ ही कहा, कांग्रेस के शहजादे राहुल बाबा ने 2024 के चुनाव की शुरुआत भारत जोड़ो यात्रा से की थी। मैं आपसे कहकर जाता हूं-4 जून के बाद राहुल बाबा को कांग्रेस ढूंढो यात्रा निकालनी पड़ेगी। दूरबीन लेकर भी कांग्रेस दिखने वाली नहीं है। 2024 के चुनाव में सिरसा से सोनीपत तक, पंचकूला से पलवल तक हर जगह मोदी जी का विकास का कमल खिलने वाला है।

Related Articles

Back to top button