
Ajit Pawar Plane Crash: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख अजित पवार का बुधवार सुबह विमान दुर्घटना में निधन हो गया। डीजीसीए के अनुसार मुंबई से बारामती जा रहे चार्टर्ड विमान की आज सुबह 8.45 बजे हुई दुर्घटना में चालक दल सहित पांच लोगों की मौत हो गई। मुंबई-बारामती चार्टर्ड विमान की यह दुर्घटना बारामती के रनवे पर हुई। पवार के साथ दो अन्य कर्मचारी (एक पीएसओ और एक अटेंडेंट) और दो चालक दल के सदस्य भी विमान में सवार थे। मुंबई से बारामती जा रहा चार्टर प्लेन बारामती में सुबह 8.45 बजे क्रैश लैंड हुआ। हादसा का पहला वीडियो भी सामने आया
पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘अजित पवार जी लोगों के नेता थे, जिनका जमीनी स्तर पर मजबूत जुड़ाव था। उनका असमय निधन बहुत चौंकाने वाला और दुखद है। उनके परिवार और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं। ओम शांति।’
महाराष्ट्र में तीन दिन का राजकीय शोक
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अजित पवार के निधन पर तीन दिनों का राजकीय शोक घोषित किया है। उन्होंने कहा कि वे और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे बारामती पहुंच रहे हैं। राज्य के सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। आज राज्य में अवकाश घोषित किया गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस परिवार से बातचीत के बाद आगे की कार्रवाई तय करेंगे। वे व्यक्तिगत रूप से बारामती जा रहे हैं।
विमान दुर्घटना में अजित पवार की मृत्यु के मामले में जांच होगी: शिंदे
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को विमान हादसे में अपने सहयोगी उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मृत्यु को दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि जिस विमान दुर्घटना में पवार की जान गई, उसकी जांच की जाएगी। शिंदे ने पत्रकारों से बातचीत में पवार के योगदान की सराहना की, जिन्होंने विभिन्न मंत्रिमंडलों में उनके सहयोगी के रूप में कार्य किया और 2022 से 2024 तक शिंदे के नेतृत्व में महाराष्ट्र सरकार में उपमुख्यमंत्री भी रहे। उन्होंने कहा कि ‘यह बहुत पीड़ादायक घटना है… महाराष्ट्र के लिए बहुत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। विमान दुर्घटना की जांच की जाएगी।’



