
भगवान कृष्ण और भगवान राम के पिता को लेकर कथित आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित किए जाने पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट साझा कर इस तरह की गतिविधियों के पीछे किसका हाथ है, इस पर सवाल उठाए हैं।
‘हमें अंश मात्र भी स्वीकार्य नहीं’
अखिलेश यादव ने लिखा, “ये सनातन विरोधी किसके कहने पर सक्रिय है। पहले भगवान कृष्ण के बारे में विवादित वीडियो आया, अब भगवान राम के पिता के बारे में अभद्रता की बात प्रसारित हो रही है। इसके राजनीतिक आकाओं को ये सब मंजूर होगा, हमें अंश मात्र भी स्वीकार्य नहीं है।”
सभी कार्यक्रम रद्द करने की उठाई मांग
सपा अध्यक्ष ने संबंधित व्यक्ति पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए उसके सभी कार्यक्रम रद्द किए जाने की मांग की। उन्होंने अपनी पोस्ट के आखिर में लिखा, “अब सच्चे सनातनी इनकी पर्ची लिखेंगे।”
अखिलेश यादव की यह पोस्ट ऐसे समय सामने आई है, जब धार्मिक विषयों से जुड़ी कथित आपत्तिजनक सामग्री को लेकर राजनीतिक और सोशल मीडिया मंचों पर बहस देखने को मिल रही है।



