भाजपा सरकार ने गन्ना किसानों की परेशानी को कम करने के लिए पूरी ताकत से काम किया है: पीएम मोदी

Lok Sabha Elections 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पीलीभीत में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। 10 साल के कार्यकाल में यह पहला मौका था, जब प्रधानमंत्री मोदी यहां पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने बांसुरी भेंटकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि, सारी दुनिया की मुश्किलों के बीच भारत आज दिखा रहा है कि उसके लिए कुछ भी असंभव नहीं है। कभी कांग्रेस सरकारें दुनिया से मदद मांगती थीं, लेकिन कोरोना के महासंकट में भारत ने पूरी दुनिया में दवाइयां और वैक्सीन भेजी। दुनिया में कहीं भी युद्ध का संकट आया, हम एक-एक भारतीय को सुरक्षित वापस लाए। अफगानिस्तान से गुरु ग्रंथ साहिब के ग्रंथों को पूरी श्रद्धा से भारत लाए और ये सब आपके एक वोट की ताकत से हुआ है।

पीएम ने कहा, सपा, बसपा और कांग्रेस के 14 साल में जितने रुपये गन्ना किसानों को मिले थे, उससे ज्यादा रुपये योगी जी की सरकार यहां गन्ना किसानों को दे चुकी है। देश में Ethanol Blending को लेकर जो बड़ा अभियान चल रहा है, उससे भी पीलीभीत के किसानों को बड़ा फायदा होने वाला है। भाजपा सरकार ने गन्ना किसानों की परेशानी को कम करने के लिए पूरी ताकत से काम किया है। कई चीनी मिलें खुलीं है, कई का विस्तार हुआ है और ये काम लगातार किया जा रहा है।

इसके साथ ही कहा, अयोध्या में राम मंदिर न बने इसके लिए कांग्रेस ने लाख कोशिश की, लेकिन जब देश की जनता ने पाई-पाई देकर इतना भव्य मंदिर बना दिया और जब मंदिर वालों ने आपके सारे गुनाह माफ करके प्राण प्रतिष्ठा में आमंत्रित किया। लेकिन आपने (कांग्रेस) आमंत्रण को ठुकरा कर भगवान राम का अपमान किया और जो नेता प्राण प्रतिष्ठा में गए, उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निकाल दिया।

उन्होंने आगे कहा कि, कांग्रेस और उसके इंडी गठबंधन को, देश की महान विभूतियों का अपमान करने में भी संकोच नहीं होता। कांग्रेस के या समाजवादी पार्टी के बड़े नेता आज तक कभी स्टैच्यू आफ यूनिटी पर नहीं गए है। ये लोग विदेश घूम आते हैं, लेकिन अपने ही देश में सरदार पटेल की प्रतिमा का दर्शन नहीं करते।

Related Articles

Back to top button