मध्य प्रदेश के हरदा में पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, दर्जनों लोग आग में झुलसे, छह लोगों के मौत की खबर

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के हरदा जिले में मंगलवार को एक बड़ी घटना हुई। यहां पर एक पटाखा फैक्ट्री में एक के बाद एक जोरदार कई धमाके हुए। इन धमाकों के बाद भीषण आग भी लग गयी। इस अग्निकांड में दर्जनों लोगों के झुलने की खबर है। कहा जा रहा है कि, हादसे में छह लोगों की जान भी गयी है। हालांकि, इसकी अभी अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री ने आपात बैठक बुलाई है। उन्होंने अधिकारियों से घटना के बारे में पूरी जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक, हरदा के बैरागढ़ में पटाखा फैक्ट्री में ये विस्फोट हुआ है। कई लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका है, जिनका रेस्क्यू करने के लिए एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई है और उन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस भी पहुंच चुकी हैं। कई घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भी पहुंचाया जा चुका है।

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने मोर्चा संभाल लिया है। फायर ब्रिगेड भी आग बुझाने के लिए पहुंच गई। ब्लास्ट होने का सिलसिला थम नहीं रहा, जिससे राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित हो रहे हैं। एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। आग लगने के समय 30 से अधिक मजदूर फैक्ट्री में काम कर रहे थे। घायलों और मृतकों में बच्चों और महिलाओं के होने की भी आशंका व्यक्त की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार यह पटाखा फैक्ट्री राजू अग्रवाल की है। ब्लास्ट इतने भीषण थे कि आसपास के मकान गिर गए।

Related Articles

Back to top button