
देहरादून। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार ने पिछले पांच वर्षों में कानूनी सुधारों, आर्थिक विकास और सामाजिक सुरक्षा को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया है। इस दौरान समान नागरिक संहिता (यूसीसी), सख्त नकलरोधी कानून और भू-कानून जैसे फैसलों के साथ अर्थव्यवस्था के विस्तार, रोजगार के अवसर बढ़ाने और गरीब परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की गई हैं।राज्य सरकार के अनुसार, उत्तराखंड 27 जनवरी 2025 को समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना। इसके तहत विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और लिव-इन रिलेशनशिप जैसे विषयों के लिए समान कानूनी व्यवस्था लागू की गई है। वहीं, सरकारी भर्ती परीक्षाओं में नकल और प्रश्नपत्र लीक जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए वर्ष 2023 में सख्त नकलरोधी कानून लागू किया गया। इसमें संगठित तरीके से परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों के लिए आजीवन कारावास और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। दोषियों की संपत्ति जब्त करने और उन्हें भर्ती परीक्षाओं से प्रतिबंधित करने की व्यवस्था भी की गई है।सरकार ने वर्ष 2022 में धर्मांतरण विरोधी कानून को और सख्त किया। इसके तहत बल, प्रलोभन, धोखाधड़ी, दबाव या विवाह के माध्यम से अवैध धर्म परिवर्तन कराने पर रोक लगाने के प्रावधान किए गए हैं। इसके अलावा दंगों और विरोध प्रदर्शनों के दौरान सरकारी तथा निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से क्षतिपूर्ति वसूलने के लिए उत्तराखंड लोक एवं निजी संपत्ति क्षति वसूली अधिनियम, 2024 लागू किया गया।प्रदेश सरकार ने बताया कि भूमि की अनियंत्रित खरीद-बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए भी भू-कानून में बदलाव किए गए हैं। इसके तहत हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर को छोड़कर राज्य के 11 पर्वतीय जिलों में बाहरी राज्यों के लोगों के कृषि और उद्यान भूमि खरीदने पर प्रतिबंध लगाया गया है। सरकार के मुताबिक, धार्मिक स्थलों के नाम पर किए गए अतिक्रमण से 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि मुक्त कराई गई है। धार्मिक भावनाओं का दुरुपयोग कर लोगों से धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ ऑपरेशन कालनेमि भी शुरू किया गया है।कानूनी सुधारों के साथ राज्य की अर्थव्यवस्था में भी विस्तार दर्ज किया गया है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024-25 में उत्तराखंड का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) बढ़कर 3,81,889 करोड़ रुपये हो गया, जो वर्ष 2021-22 के मुकाबले डेढ़ गुने से अधिक है। इसी अवधि में प्रति व्यक्ति आय 1,94,670 रुपये से बढ़कर 2,73,921 रुपये हो गई। वर्ष 2024-25 में राज्य की आर्थिक विकास दर 7.23 प्रतिशत दर्ज की गई। वित्त वर्ष 2026-27 के लिए राज्य का बजट 1,11,703.21 करोड़ रुपये पारित किया गया है, जो पिछले वित्त वर्ष के बजट से 10.41 प्रतिशत अधिक है।सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, राज्य का बहुआयामी गरीबी सूचकांक वर्ष 2021-22 के 9.7 प्रतिशत से घटकर वर्ष 2024-25 में 6.92 प्रतिशत रह गया। इसी अवधि में श्रम बल भागीदारी दर 60.1 प्रतिशत से बढ़कर 64.4 प्रतिशत हो गई।राज्य में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) की संख्या भी वर्ष 2021-22 के 59,798 से बढ़कर वर्ष 2024-25 में 79,394 हो गई। इन उद्यमों में रोजगार पाने वालों की संख्या वर्ष 2022 के 3,43,922 से बढ़कर वर्ष 2025 में 4,56,605 दर्ज की गई। वहीं, स्टार्टअप की संख्या वर्ष 2017 तक शून्य थी, जो वर्ष 2021-22 में 702 से बढ़कर वर्ष 2024-25 में 1,750 हो गई। राज्य में वर्ष 2024-25 के दौरान बड़े उद्योगों की संख्या 128 दर्ज की गई।स्वास्थ्य क्षेत्र में भी कुछ प्रमुख संकेतकों में सुधार का दावा किया गया है। वर्ष 2024-25 में शिशु मृत्यु दर घटकर 20 और मातृ मृत्यु दर 91 दर्ज की गई।सामाजिक सुरक्षा के मोर्चे पर सरकार का कहना है कि वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं के तहत करीब 9.99 लाख पात्र लाभार्थियों को प्रतिमाह लगभग 148 करोड़ रुपये की पेंशन प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से दी जा रही है। वृद्धावस्था पेंशन योजना में पात्र वृद्ध दंपति के दोनों सदस्यों को अलग-अलग 1,500 रुपये प्रतिमाह पेंशन देने का प्रावधान है।आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को रसोई गैस उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री अंत्योदय निःशुल्क गैस रिफिल योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत करीब पौने दो लाख परिवारों को साल में तीन गैस सिलेंडर निःशुल्क रिफिल कराने की सुविधा दी जा रही है।आवास योजनाओं के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में 53 हजार से अधिक परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में वर्ष 2022 से अब तक 39,815 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का लाभ मिला है। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत भी 925 आवास बनाए गए हैं। छोटे कारोबारियों को आर्थिक सहायता देने के लिए प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 33 हजार से अधिक रेहड़ी-पटरी और फड़ कारोबारियों को बैंक ऋण उपलब्ध कराया गया है। इससे उन्हें कारोबार के लिए आवश्यक पूंजी जुटाने में मदद मिली है।सरकार इन कानूनी सुधारों, आर्थिक आंकड़ों और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को प्रदेश में शासन व्यवस्था, विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में किए गए कार्यों के रूप में प्रस्तुत कर रही है।



