नफ़रत से भरी ‘असुर शक्ति’ ने लोकतंत्र की हत्या करने के लिए कांग्रेस के बैंक अकाउंट को फ्रीज कर दिया: राहुल गांधी

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ती जा रही है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर चुनावी बॉन्ड और कांग्रेस के बैंक खातों को ​फ्रीज किए जाने को लेकर घेरा। राहुल गांधी ने प्रेस कॉफ्रेंस के बाद एक्स पर लिखा कि, नफ़रत से भरी ‘असुर शक्ति’ ने लोकतंत्र की हत्या करने के लिए कांग्रेस के बैंक अकाउंट को फ्रीज कर दिया

राहुल ने कार्रवाई के समय पर सवाल उठाए
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि, कांग्रेस पार्टी के बैंक खाते करीब एक महीने पहले फ्रीज कर दिए गए। कांग्रेस को देश की 20% जनता वोट देती है, लेकिन आज हम रेल टिकट नहीं खरीद सकते, हम विज्ञापन नहीं दे सकते। 14 लाख रुपए का मामला है और 200 करोड़ रुपए का जुर्माना लगा दिया गया है, जिसपर ज्यादा से ज्यादा 10 हजार का जुर्माना लग सकता है।
ये कांग्रेस के खिलाफ आपराधिक साजिश है, जो हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री कर रहे हैं। आज देश में लोकतंत्र नहीं बचा है।

राजनीतिक दलों को समान अवसर मुहैया हो: खरगे
वहीं, इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि, लोकतंत्र के लिए चुनाव अनिवार्य होता है, साथ ही यह भी आवश्यक है कि सभी राजनीतिक दल के लिए लेवल प्लेयिंग फील्ड हो। ये नहीं कि जो सत्ता में है, संसाधनों पर उनकी मोनोपॉली हो और देश की संस्थाओं पर प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से उनका नियंत्रण हो। सुप्रीम कोर्ट ने जिस चुनावी चंदे की स्कीम को अवैध व असंवैधानिक कहा, उस स्कीम के तहत BJP ने हजारों-करोड़ रुपए अपने बैंक खातों में भर लिए हैं। वहीं, दूसरी तरफ मुख्य विपक्षी दल (कांग्रेस) का बैंक खाता फ्रीज कर दिया गया है, ताकि हम पैसों के अभाव में बराबरी के साथ चुनाव न लड़ पाएं। यह सत्ताधारी दल द्वारा खेला गया एक खतरनाक खेल है। इसके साथ ही कहा, BJP के इस खतरनाक खेल के दूरगामी प्रभाव होंगे। इस तरह किसी राजनीतिक दल को असहाय बनाकर स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव नहीं हो सकते। BJP चाहती है कि एकतरफा चुनाव हों, लेकिन जनता सब देख रही है। हमारे बैंक खाते खोले जानें चाहिए ताकि लेवल प्लेयिंग फील्ड के साथ चुनाव हो सकें।

कांग्रेस को कमजोर करने की कोशिश: सोनिया गांधी
इस दौरान सोनिया गांधी ने भी सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे का असर सिर्फ कांग्रेस पर ही नहीं पड़ रहा है, बल्कि इसका असर हमारे लोकतंत्र को भी मौलिक रूप से पड़ता है। प्रधानमंत्री भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को आर्थिक रूप से कमजोर करने के लिए लगातार कोशिश कर रहे हैं। पार्टी के खाते में जनता से इकट्ठा किया गया पैसा है। हमारे खातों से पैसे जबरदस्ती छीने जा रहे हैं। हालांकि, इन सब चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी हम अपने चुनाव अभियान को जोर-शोर से आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button