उप्र सरकार की सोशल मीडिया पॉलिसी में न्याय मांग रही महिलाओं की आवाजें किस श्रेणी में आएंगी: प्रियंका गांधी

नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने नई सोशल मीडिया पॉलिसी पर सवाल उठाते हुए पूछा कि, उप्र सरकार की सोशल मीडिया पॉलिसी में न्याय मांग रही महिलाओं की आवाजें किस श्रेणी में आएंगी।

प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि, जो तुमको हो पसंद, वही बात कहेंगे, तुम दिन को अगर रात कहो, रात कहेंगे…उप्र सरकार की सोशल मीडिया पॉलिसी में न्याय मांग रही महिलाओं की आवाजें किस श्रेणी में आएंगी? 69000 शिक्षक भर्ती आरक्षण घोटाले में उठने वाले सवाल किस श्रेणी में आएंगे?

भाजपा नेताओं-विधायकों द्वारा भाजपा सरकार की पोल-पट्टी खोलना किस श्रेणी में आएगा? ‘तुम दिन को कहो रात तो रात, वरना हवालात’ नीति सच को दबाने का एक और तरीका है। क्या भाजपा लोकतंत्र और संविधान को कुचलने से ज्यादा कुछ सोच ही नहीं सकती?

गौरतबल है कि, यूपी सरकार ने कैबिनेट बैठक में नई सोशल मीडिया पॉलिसी को मंजूरी दी है। सरकार का दावा है कि, इस डिजिटल मीडिया पॉलिसी से नए रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले तत्वों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button