Jharkhand elections: झारखंड में इंडिया गठबंधन के बीच सीट बंटवारे पर लगी मुहर, जानिए कितने सीटों पर लड़ेंगी कांग्रेस-जेएमएम

Jharkhand elections: झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर इंडिया गठबंधन के बीच सीट बंटवारे पर मुहर लग गयी है। इंडिया गठबंधन के नेताओं के साथ बैठक के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सीट बंटवारे को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, राज्य की 81 विधानसभा सीटों में से 70 सीटों का बंटवारा कांग्रेस और झामुमो के बीच होगा, वहीं बाकी बची 11 सीटें अन्य सहयोगी दलों के लिए छोड़ी जाएंगी।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को रांची स्थित अपने सरकारी आवास पर गठबंधन का एलान किया। सोरेन ने इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद कहा, इंडिया ब्लॉक झारखंड विधानसभा चुनाव एक साथ लड़ेगा। सहयोगियों के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत के दौरान यह निर्णय लिया गया है कि कांग्रेस और जेएमएम 81 में से 70 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेंगे। जेएमएम और कांग्रेस कितने सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इसका खुलासा अभी मुख्यमंत्री ने नहीं किया। बता दें कि, झारखंड में विधानसभा चुनाव 13 और 20 नवंबर को दो चरणों में होंगे। मतगणना 23 नवंबर को की जाएगी।

सीट बंटवारे से राजद नाराज?
झारखंड विधानसभा चुनाव में सीट शेयरिंग पर राजद नेता मनोज झा ने कहा, हमारा (राजद) पूरा नेतृत्व यहां है। आज सुबह बैठक हुई और उस बैठक में ये पाया गया कि ताकत जनाधार की है जो राजद के पक्ष में है। पिछली बार हम 7 सीटों पर लड़े क्योंकि लालू यादव का हृदय विशाल था। हमारा लक्ष्य था भाजपा को हटाओ जो आज भी है। दुख के साथ कहना पड़ता है कि एक तरफा फैसला लिया गया। अलग-अलग जिलों में हमारी जो मौजूदगी है वो बहुत ताकतवर है। हम अपने गठबंधन के सहयोगियों को कहेंगे कि उसके अनुसार फैसला लें। कल से हमारे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव यहां (रांची) हैं, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव यहां हैं।

सब लोगों के होने के बावजूद अगर गठबंधन की बनावट की प्रक्रिया में आपने हमें संलग्न नहीं किया तो इस बात का दुख तो होता है। कष्ट इसलिए भी होता है कि हमारी ताकत शायद बहुत ज्यादा है। हम लोगों ने 15 से 18 ऐसी सीटें चिह्नित की हैं जहां हम शायद अकेले भी भाजपा को परास्त करने में सक्षम हैं। तमाम विकल्प खुले हुए हैं क्योंकि कोई भी राजनीतिक दल अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं की मनोभावना को दरकिनार करके आगे चले यह उचित नहीं लगता।

Related Articles

Back to top button