Kisan Andolan: शंभू बॉर्डर पर किसानों की पुलिस से झड़प, दागे जा रहे हैं आंसू गैस के गोले

नई दिल्ली। किसान अपनी विभिन्न मांगों को लेकर दिल्ली कूच कर रहे हैं। केंद्र सरकार से दो बार की वार्ता विफल होने के बाद संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा ने मंगलवार को दिल्ली कूच का ऐलान किया था। मंगलवार को बड़ी संख्या में किसान पंजाब से दिल्ली की ओर कूच किए थे लेकिन उन्हें रास्ते में ही पुलिस ने रोक लिया। देखते ही देखते ये आंदोलन हिंसक रूप अख्तियार कर लिया है। पुलिस के साथ झड़प में अब तक सैकड़ों प्रदर्शनकारी और पुलिस घायल हो चुके हैं।

मंगलवार को शंभू और खनौरी बॉर्डर पर आंदलनोकारी किसान पुलिस से भिड़ गए। हरियाणा पुलिस की बैरिकेडिंग और तारबाड़ के साथ नुकीले सीमेंटेट अवरोध हटाने पर पुलिस ने किसानों पर पानी की बौछार की। इसके साथ ही आंसू गैस के गोले भी दागे। शंभू बॉर्डर पर हुए उपद्रव में डीएसपी आधा दर्जन पुलिसकर्मियों के साथ कई किसान भी घायल हो गए। शंभू बॉर्डर पर जमे किसान आज फिर दिल्ली कूच की कोशिश करेंगे। हालांकि, उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने पूरी व्यवस्था कर रखी है।

किसानों पर आंसू गैस के गोले
अंबाला के पास शंभू सीमा पर प्रदर्शनकारी भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हरियाणा पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। पंजाब के प्रदर्शनकारी किसानों ने विभिन्न मांगों को लेकर ’दिल्ली चलो’ मार्च के तहत हरियाणा की सीमा पर बैरिकेड हटाने का नये सिरे से प्रयास किया। किसान नेता शंभू सीमा पर बहुस्तरीय बैरिकेड हटाकर ’दिल्ली कूच’ की अपनी योजना पर आगे बढ़ने से पहले एक बैठक करेंगे।

पंजाब में कल से रेलवे ट्रैक जाम करने का ऐलान
किसानों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय किसान यूनियन ने बड़ा ऐलान किया है। पंजाब में रेलवे ट्रैक जाम करने की घोषणा की गई है। गुरुवार दोपहर 12 बजे से ट्रैक जाम करने का ऐलान किसानों ने किया है। इससे सरकार की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

Related Articles

Back to top button