Lok Sabha Elections 2024: जब तक सांस है, जनता के लिए लड़ते रहेंगे…रायबरेली में बोलीं प्रियंका गांधी

Lok Sabha Elections 2024: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी रायबरेली में चुनावी प्रचार करने में जुटी हैं। रायरबेली से राहुल गांधी इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी हैं। बीते दो दिनों से प्रियंका गांधी यहां पर लोगों से मुलाकात कर चुनाव प्रचार करने में जुटी हैं। प्रचार के दौरान उन्होंने कहा कि, आप मेहनत करते हैं, बच्चों को पढ़ाते-लिखाते हैं। लेकिन जब वो किसी भर्ती का पेपर देता है तो पेपर लीक हो जाता है। जब ऐसा होता है तो सिर्फ बच्चे की ही नहीं, मां-बाप की मेहनत भी बर्बाद होती है।

प्रियंका ने आगे कहा कि, मैंने यूपी में देखा है कि बच्चे सुबह-सुबह सेना में भर्ती होने के लिए तैयारी करते थे। लेकिन नरेंद्र मोदी ने क्या किया-अग्निवीर योजना ले आए। अग्निवीर स्कीम के तहत सेना में युवा 4 साल के लिए भर्ती होंगे और बाद में फिर से बेरोजगार हो जाएंगे। साथ ही कहा, मीडिया के लोग आज सरकार से सवाल ही नहीं पूछते हैं। जब हमारे पिता जी प्रधानमंत्री थे, तो मीडिया वाले रोज सवाल पूछते थे। लोकतंत्र में मीडिया का काम जनता की ओर से सरकार से सवाल पूछना होता है। लेकिन आज ये जवाबदेही भी खत्म हो गई है।

साथ ही कहा, मोदी जी ने कहा कि राजीव गांधी जी ने इंदिरा जी से विरासत लेने के लिए कानून बदल दिया। मोदी जी, हमें विरासत में धन-दौलत नहीं बल्कि देश के लिए मर मिटने का जज्बा मिला है। हमारे परिवार के एक सदस्य को मारोगे तो देश के लिए दूसरा खड़ा हो जाएगा, दूसरे को मारोगे तो तीसरा खड़ा हो जाएगा। हम झुकने वाले नहीं है। जब तक सांस है, जनता के लिए लड़ते रहेंगे।

उन्होंने कहा, राहुल गांधी जी ने आपकी समस्याओं को सुनने और समझने के लिए हजारों किलोमीटर की यात्रा की। यात्रा से लौटने पर राहुल गांधी जी ने दो बातें कही। हम अपने घोषणा पत्र में वही वादे करेंगे, जिन्हें हम पूरा कर सकें। देश की जनता के साथ पिछले 10 साल में बहुत अन्याय हुआ है, इसलिए हमें ऐसी योजनाएं बनानी चाहिए जिससे जनता को राहत मिले।

Related Articles

Back to top button