Lok Sabha Elections 2024: चूरू में बोले पीएम मोदी-राजस्थान पराक्रम और परिश्रम की धरती है…

Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ती जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ताबड़तोड़ चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। इसी क्रम में आज प्रधानमंत्री राजस्थान के चूरू में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, राजस्थान पराक्रम और परिश्रम की धरती है। ये वीर बेटों को जन्म देने वाली वीर-वीरांगना माताओं की पवित्र भूमि है। इसीलिए राजस्थान जो ठान लेता है, वो पत्थर की लकीर बन जाता है। यही जज्बा मैं अपने सामने देख रहा हूं। राजस्थान का किसान, मेरे राजस्थान का नौजवान और आप सब माताएं-बहनें, इतनी बड़ी संख्या में दूर-दूर से हमें अपना आशीर्वाद देने आए हैं। पूरा राजस्थान कह रहा है-फिर एक बार मोदी सरकार।

उन्होंने कहा कि, आज चुरू में दिल्ली से नरेन्द्र, देवेंद्र के लिए आशीर्वाद मांगने आया है और जब नरेन्द्र, देवेंद्र के लिए आशीर्वाद मांगता है, तो आप लोग छप्पर फाड़ कर आशीर्वाद देते हैं।आज पूरी दुनिया हैरान है कि भारत इतनी तेजी से कैसे विकास कर रहा है? दुनिया को पता नहीं है कि भारत की इस मिट्टी की बात ही कुछ और है। हम जो ठान लेते हैं, वो पूरा करके दिखाते हैं। पिछले 10 साल में आपने देश को बदलते देखा है।

पीएम मोदी ने कहा, 2014 में आपने गरीब के इस बेटे को अपनी सेवा का मौका दिया। हताशा, निराशा ये मोदी के पास भी नहीं फटक सकती। मैनें तय किया कि हालात बदलने ही होंगे। मेरे लिए तो मेरा भारत, मेरा परिवार है। हमने ईमानदारी से काम किया। चुनौतियों को चुनौती देना, यही तो हमारी मिट्टी की ताकत है। हमारे राजस्थान में तो कहते हैं – अपनी करणी पार उतरणी। हमने परिश्रम किया और परिणाम लाकर दिखा दिया।

इसके साथ ही कहा, आज हम जल जीवन मिशन योजना लेकर घर-घर में पानी का कनेक्शन देने का लगातार प्रयास कर रहे हैं। राजस्थान में करीब 50 लाख घरों में पीने का शुद्ध पानी पहुंचाया जा चुका है। कांग्रेस सरकार हमारी इस योजना में भी भ्रष्टाचार करने का मौका नहीं छोड़ती थी। लेकिन अब उन कमियों को भी दूर किया जा रहा है। साथ ही कहा, राजस्थान के 4.50 करोड़ जरूरतमंदों को हर महीने मुफ्त राशन भी दिया जा रहा है। यानी जीवन के हर पड़ाव पर भाजपा सरकार गरीब के साथ खड़ी है। जो काम इतने दशक में नहीं हुए, वो हमने 10 साल में करके दिखाए। इसलिए मैं कहता हूं- जब नीयत सही, तो नतीजे सही।

उन्होंने कहा, भाजपा जो कहती है, वो जरूर करती है। दूसरी पार्टियों की तरह भाजपा केवल घोषणापत्र नहीं जारी करती, हम संकल्प पत्र लेकर आते हैं। 2019 में हमने जो संकल्प पत्र जारी किया था, उसके ज्यादातर संकल्प पूरे हो चुके हैं। जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 खत्म हो चुका है। तीन तलाक पर कानून हमारी मुस्लिम बहनों की मदद कर रहा है। लोकसभा में महिलाओं के लिए आरक्षण का कानून भी संसद ने पारित कर दिया है।

Related Articles

Back to top button