
<p>देहरादून 6 नवंबर (युग वार्ता) : धनतेरस से शुरू हुए पांच दिवसीय दीपमालिका के पर्व पर आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य निवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सबके मंगल की कामना करते हुए ईश्वर से उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना की। प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित दीपावली उत्सव के मौके पर मुख्यमंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारी के साथ मिलकर दीपावली का त्यौहार मनाया और इस मौके पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने यहां बाल कलाकारों द्वारा प्रस्तुत राम स्तुति पर आधारित नृत्य और हनुमान चालीसा पर आधारित प्रस्तुति को सराहा। इन बाल कलाकारों की हौसला अफजाई की। इस मौके पर पार्टी अध्यक्ष एवं सांसद महेंद्र भट्ट ने सभी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर विधि विधान से दीपावली पूजन भी किया और दीप मालिका भी प्रचलित की । इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यकर्ताओं के साथ फुलझड़ी जला कर प्रसन्नता व्यक्ति की।</p><p>मुख्यमंत्री ने सभी के साथ दीपावली की खुशियां साझा करते हुए कहा कि दीपावली का पर्व अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और निराशा पर आशा की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमें आपसी प्रेम, सद्भाव, सहयोग और सामाजिक समरसता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। दीपावली का उत्सव सभी के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और उत्साह का संचार करता है।</p><p>मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं में पर्व एवं त्योहार समाज को जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजन आपसी संवाद, आत्मीयता और संगठनात्मक एकजुटता को और अधिक सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने सभी के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाल जीवन की कामना करते हुए प्रदेश की निरंतर प्रगति और समृद्धि की कामना की।</p>



