नरेंद्र मोदी जातिगत गिनती नहीं करने वाले, जातिगत गिनती कांग्रेस ही कर के दिखाएगीः राहुल गांधी

नई दिल्ली। कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा ओडिशा में है। यात्रा का नेतृत्व कर रहे राहुल गांधी लगातार केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साध रहे हैं। अब राहुल गांधी ने एक ट्वीट कर पीएम मोदी पर बड़ा आरोप लगाया है। राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा कि, सच सुनो! नरेंद्र मोदी जन्म से ओबीसी नहीं हैं, उन्हें ओबीसी गुजरात की भाजपा सरकार ने बनाया है। वह कभी पिछड़ों के हक़ और हिस्सेदारी के साथ न्याय नहीं कर सकते। नरेंद्र मोदी जातिगत गिनती नहीं करने वाले। जातिगत गिनती कांग्रेस ही कर के दिखाएगी।

वहीं, भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान उन्होंने कहा कि, देश में आज भयंकर सामाजिक अन्याय हो रहा है। आप जीएसटी भरते हैं और मजा अडानी जैसे लोग उठाते हैं। क्योंकि अडानी खदान ख़रीदता है, सड़क और पुल के टेंडर लेता है, मीडिया को कंट्रोल करता है। फिर उसी की मीडिया हम से पूछती है कि आप जातिगत जनगणना की बात क्यों कर रहे हैं?

इसके साथ ही कहा, मैंने जातिगत जनगणना और सामाजिक न्याय की बात की तो पीएम मोदी ने कहा, देश में सिर्फ दो जातियां हैं-अमीर और गरीब हैं…अगर दो जातियां हैं तो आप क्या हैं? गरीब तो आप हैं नहीं! आप करोड़ों का सूट पहनते हैं। दिन में कई बार कपड़े बदलते हैं, फिर झूठ बोलते हैं कि मैं ओबीसी वर्ग का आदमी हूं।

राहुल गांधी ने कहा, हिंदुस्तान के बड़े-बड़े उद्योगपति चीन से माल खरीदकर आपको बेचते हैं। इससे चीन का पैसा बनता हैए रोजगार चीन के युवाओं को मिलता है। महंगाई बढ़ती है तो परेशानी आपको होती है, अडानी और मोदी को कोई फर्क नहीं पड़ता है। यानी आप पर आर्थिक अन्याय हो रहा है, जिसे आप देख नहीं पा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button