अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर निशाना, बोले-नज़ूल लैंड का मामला पूरी तरह से ‘घर उजाड़ने’ का फ़ैसला

लखनऊ। नजूल संपत्ति विधेयक को लेकर सियासी घमासान मचा हुआ है। यूपी नजूल संपत्ति विधेयक, 2024 गुरुवार को उच्च सदन विधान परिषद में अटक गया। वहीं, इसको लेकर उत्तर प्रदेश में सियासी सरगर्मी बढ़ी हुई है। विपक्षी दल के नेता इसको लेकर सरकार को घेरने में जुटे हुए हैं। अब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इसे ‘घर उजाड़ने’ वाला फ़ैसला बता दिया है।

अखिलेश यादव ने एक्स पर एक वीडियो को शेयर करते हुए लिखा कि, नज़ूल लैंड का मामला पूरी तरह से ‘घर उजाड़ने’ का फ़ैसला है क्योंकि बुलडोज़र हर घर पर नहीं चल सकता है। भाजपा घर-परिवार वालों के ख़िलाफ़ है। जनता को दुख देने में भाजपा अपनी ख़ुशी मानती है। जब से भाजपा आई है, तब से जनता रोजी-रोटी-रोज़गार के लिए भटक रही है, और अब भाजपाई मकान भी छीनना चाहते हैं।

उन्होंने आगे लिखा कि, कुछ लोगों के पास दो जगह का विकल्प है, पर हर एक उनके जैसा नहीं है। बसे बसाये घर उजाड़कर भाजपावालों को क्या मिलेगा। क्या भू-माफ़ियाओं के लिए भाजपा जनता को बेघर कर देगी?

अगर भाजपा को लगता है कि उनका ये फ़ैसला सही है तो हम डंके की चोट पर कहते हैं, अगर हिम्मत है तो इसे पूरे देश में लागू करके दिखाएं क्योंकि नज़ूल लैंड केवल यूपी में ही नहीं पूरे देश में है। सपा की यही माँग है कि अमानवीय ‘नज़ूल ज़मीन बिल’ हमेशा के लिए वापस हो।

Related Articles

Back to top button