एक ही फ्लाइट में दिखे नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव, दिल्ली में होने जा रही बैठक में होंगे शामिल

पटना। लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद आज दिल्ली में एनडीए और इंडिया गठबंधन की बड़ी बैठक होने जा रही है। इस बैठक में शामिल होने के लिए एनडीए और इंडिया गठबंधन के नेता पहुंच रहे हैं। इस बीच एक ही फ्लाइट में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद नेता तेजस्वी यादव नजर आए। बिहार में एनडीए के सहयोगी जेडीयू के अध्यक्ष और सीएम नीतीश कुमार भी एनडीए की बैठक में शामिल होंगे। वहीं इंडिया अलायंस की बैठक में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव शामिल होंगे।

अब इसे संयोग ही कहेंगे कि नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव एक ही फ्लाइट से दिल्ली के लिए रवाना हुए। चुनाव नतीजों के बाद से अचानक नीतीश कुमार की चर्चा काफी तेज हो हई है। दरअसल कुछ दिन पहले एक चुनावी रैली में तेजस्वी यादव ने कहा था कि नीतीश कुमार 4 जून के बाद बड़ा फैसला ले सकते हैं। वहीं नीतीश कह चुके हैं कि अब वो इधर-उधर कहीं नहीं जाने वाले हैं।

नतीजों की बात करें तो बिहार में एनडीए को 30 और इंडिया गठबंधन को 9 सीटें मिलीं, जबकि बाकी एक सीट पूर्णिया में निर्दलीय पप्पू यादव ने जीती है। एनडीए में जेडीयू को 12, भाजपा को 12, लोजपा (आर) को 5 और हम को एक सीट हासिल हुई। जदयू को चार और भाजपा को पांच सीटों का झटका लगा है। जदयू को किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया और जहानाबाद में हार का सामना करना पड़ा। जबकि, भाजपा को पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, औरंगाबाद एवं सासाराम (सु.) में शिकस्त मिली। लोजपा (आर) ने अपनी सभी पांच सीटें जीत लीं।

वहीं, इंडिया अलायंस में राजद को 4, कांग्रेस को 3, भाकपा माले को दो सीटें हासिल हुई हैं। पिछली बार कांग्रेस को एक मात्र किशनगंज सीट मिली थी। वहीं, राजद व भाकपा माले का खाता भी नहीं खुला था। वहीं देशभर की बात करें तो एनडीए को 292 और इंडिया अलायंस को 233 सीटें मिली है। हालांकि एक बार फिर से एनडीए सरकार बनाती दिख रही है। और नरेंद्र मोदी एक बार फिर से प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। हालांकि इंडिया अलायंस भी अपनी आगे की रणनीति को लेकर दिल्ली में बैठक कर रही है। जिसमें अलायंस के सभी सहयोगी दल शामिल होंगे।

Related Articles

Back to top button