PM मोदी ने GST और नोटबंदी कर छोटे व्यपारियों को खत्म कर दिया है : राहुल गांधी

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि, BJP के नेता जब भी भाषण देते हैं, कांग्रेस के बारे में उल्टा-सीधा बोलते हैं। कुछ दिन पहले शिवराज सिंह चौहान जी ने कहा कि राहुल गांधी जी और खरगे जी मिलकर कांग्रेस को खत्म करने के लिए काम कर रहे हैं। लेकिन सवाल ये उठता है कि BJP ने शिवराज सिंह चौहान को सत्ता से क्यों निकाल दिया?

इसके साथ ही कहा, देश में 45 साल में आज सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। महंगाई बढ़ गई है-ये सब मोदी जी के जमाने में हुआ। PM मोदी नहीं चाहते कि देश में अमीर और गरीब के बीच की खाई खत्म हो जाए। मोदी जी की मंशा है कि अमीर और अमीर हो जाए, गरीब और गरीब हो जाए।

उन्होंने कहा, मध्य प्रदेश में 3 लाख से अधिक वनाधिकार के पट्टे ख़ारिज कर दिए गए। जिन लोगों ने ये पट्टे ख़ारिज किए, वे कभी गरीबों के लिए काम नहीं कर सकते। इसलिए राहुल गांधी जी ने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ निकाली है। ताकि किसानों, युवाओं, महिलाओं के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई जा सके।

राहुल गांधी ने भाजपा सरकार पर जमकर साधा निशाना
वहीं, इस दौरान राहुल गांधी ने केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि, कुछ समय पहले मैंने एक वीडियो में देखा कि BJP का एक नेता आदिवासी युवा पर पेशाब कर रहा था। आखिर ये कैसी सोच है? ये BJP की विचारधारा है। ये सिर्फ आदिवासियों के साथ ही नहीं.. SC, ST और गरीबों के साथ हो रहा है।

इसके साथ ही कहा, मध्य प्रदेश में करीब 24% और पूरे देश में 8% आदिवासी हैं। लेकिन…जब आप देश की बड़ी-बड़ी कंपनियों के मैनेजमेंट की लिस्ट देखेंगे, आपको एक भी मालिक आदिवासी वर्ग का नहीं मिलेगा।

उन्होंने कहा, सिर्फ 2% लोगों ने हिंदुस्तान पर कब्जा कर लिया है। अडानी जी सेब, एयरपोर्ट, पोर्ट, फूड स्टोरेज का बिजनेस करते हैं और आप सिर्फ देखते ही रह जाते हैं। आप लाखों रुपए खर्च कर पढ़ाई करते हैं, लेकिन जब रोजगार का समय आता है तो आपके पास रोजगार नहीं होता है। क्योंकि PM मोदी ने GST, नोटबंदी कर छोटे व्यपारियों को खत्म कर दिया है।

Related Articles

Back to top button