कांग्रेस पर पीएम मोदी का निशाना, कहा-2014 के पहले बजट में जितनी घोषणाएं सरकारें करती थीं उससे कई गुना बड़े घोटाले करती थी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओडिशा के संबलपुर में एक बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि, आज भाजपा के हर एक कार्यकर्ता के लिए गर्व और गौरव का दिन है। आज देश ने हम सब के आदरणीय नेता लालकृष्ण आडवाणी जी को भारत रत्न देने की घोषणा की है। ये सम्मान, हम सब कार्यकर्ताओं का सम्मान है, ये सम्मान उस विचारधारा का भी सम्मान है जो राष्ट्र प्रथम को लेकर चलती है, ये सम्मान दो सांसद वाली पार्टी से चलकर देश और विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनने का और कार्यकर्ताओं के संघर्षों का सम्मान है।

उन्होंने कहा, 2014 के पहले 10 वर्षों तक, केंद्र में जो सरकार थी, वह बजट में जितनी घोषणाएं करती थी, उससे कई गुना बड़े घोटाले करती थी। 2014 से पहले भारत का युवा निराशा में डूबा था, उसका भविष्य अंधेरे में था, आज भारत का युवा आत्मविश्वास से भरा है क्योंकि उसके पीछे ईमानदार भाजपा सरकार खड़ी है। दिल्ली में जब कांग्रेस का राज था, तब ओडिशा को अपने हक के लिए भी परेशान होना पड़ता था। आज आपका ये बेटा दिल्ली में बैठा है, इसलिए आज ओडिशा के विकास के लिए पैसे की कोई कमी नहीं है।

पीएम मोदी ने कहा, 2014 से पहले जहां ओडिशा की पहचान को खराब करने के प्रयास होते थे, वहीं हमारी सरकार आज ओडिशा का गौरव बढ़ा रही है। ओडिशा में G-20 की बड़ी बैठकें हुईं, जिनमें दुनियाभर से लोग आए। दिल्ली में जो G-20 शिखर सम्मेलन हुआ, उसमें भी ओडिशा छाया रहा। भारत की सांस्कृतिक विरासत से दुनिया के ताकतवर देशों के नेताओं को परिचित कराने के लिए हमने कोणार्क चक्र को चुना।

इसके साथ ही कहा, आज प्रतिभाशाली फिल्म एक्टर, डायरेक्टर और प्रोड्यूसर साधु मेहर जी के निधन का दुखद समाचार भी मिला। साधु मेहर फिल्म और कला के क्षेत्र में ओडिशा की प्रतिभा के एंबेसडर थे। हमारी सरकार ने 2017 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया था। साधु मेहर जी को मैं विनम्र श्रद्धांजलि देता हूं।

Related Articles

Back to top button