मोदी सरकार पर प्रियंका गांधी का बड़ा हमला, कहा-सरकार ने आपकी मदद करने के बजाए आपको 5 किलो राशन पकड़ा दिया

Lok Sabha Elections 2024: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने रायबरेली में जनता को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, राहुल गांधी जी को हराने के लिए BJP ने अपनी पूरी ताकत लगा दी, लेकिन वह पीछे नहीं हटे। वह लोगों को न्याय दिलाने के लिए डटे रहे। उन्होंने आपको सुनने और आपकी समस्याओं को समझने के लिए ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ निकाली। इस यात्रा का उद्देश्य लोगों को ये याद दिलाना था कि आज देश में राजनीति की जो दिशा है, वह गलत है।

उन्होंने आगे कहा कि, आज देश में महंगाई और बेरोजगारी दो सबसे बड़ी समस्याएं हैं। मोदी जी के राज में इतनी महंगाई है कि मेहनत कर कमाई होने पर भी जरूरतें पूरी नहीं होती। सरकार ने आपकी मदद करने के बजाए आपको 5 किलो राशन पकड़ा दिया। खेती में भी कमाई नहीं हो पा रही क्योंकि हर चीज में GST देनी पड़ रही है।

प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि, आज नरेंद्र मोदी ने कहा- राहुल गांधी जी अडानी का नाम नहीं ले रहे हैं। सच्चाई ये है-राहुल गांधी जी हर दिन अडानी की बात करते हैं, वे रोज अडानी की सच्चाई आपके सामने रखते हैं, उसका खुलासा करते हैं। राहुल गांधी जी आपको रोज बताते हैं कि नरेंद्र मोदी की बड़े-बड़े उद्योगपतियों के साथ सांठ-गांठ है। नरेंद्र मोदी ने अपने मित्रों के 16 लाख करोड़ रुपए माफ कर दिए, लेकिन किसानों का एक रुपए माफ नहीं किया। नरेंद्र मोदी इस बात का जवाब दें…

इसके साथ ही कहा कि, मोदी सरकार देश के बड़े-बड़े खरबपतियों को देश की सारी संपत्ति सौंप रही है। टीवी पर जो दिखाया जा रहा है, वो देश की सच्चाई नहीं है। असलियत ये है कि नरेंद्र मोदी खरबपतियों की सरकार चला रहे हैं और देश की गरीब जनता को उन्होंने नकार दिया है।

Related Articles

Back to top button