डबल इंजन सरकार में न्याय मांगना गुनाह है…राहुल गांधी ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने एक्स पर लिखा कि,नरेंद्र मोदी की डबल इंजन सरकारों में हो रहे ‘डबल अन्याय’ को इन दो घटनाओं से समझिए! UP में दो बहनों ने अपने साथ हुए दुष्कर्म के बाद फांसी लगा ली, अब न्याय न मिलने और मुकदमा वापस लेने के दबाव पर उनके पिता को भी फांसी लगानी पड़ी।

इसके साथ ही उन्होंने आगे लिखा कि, MP में एक महिला की इज़्ज़त सरेबाज़ार तार-तार हुई, जब गरीब पति ने न्याय की गुहार लगाई, तो सुनवाई न होने से निराश होकर वह अपने दोनों बच्चों के साथ फांसी पर झूल गया। डबल इंजन सरकार में न्याय मांगना गुनाह है।

उन्होंने आगे लिखा कि, मित्र मीडिया द्वारा बड़ी मेहनत से गढ़ी गई झूठी छवि की रक्षा के लिए पीड़ित ही नहीं बल्कि उनके परिवारों तक से दुश्मन जैसा व्यवहार भाजपा शासित राज्यों में परंपरा बन चुकी है।

राहुल गांधी ने लिखा कि, भाजपा राज में हाथरस से लेकर उन्नाव और मंदसौर से लेकर पौड़ी तक महिलाओं के खिलाफ हुए अत्याचार के बाद उनके परिवारों को न्याय के लिए तरसाया गया।
इस भयंकर अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाइए, वरना आज नहीं तो कल इस अत्याचार की आग आप तक भी पहुंचेगी।

Related Articles

Back to top button