हमारे तीसरे टर्म में भ्रष्टाचार पर और तेज प्रहार होगा, ये मोदी की गारंटी है: पीएम मोदी

रुद्रपुर। लोकसभा चुनाव 20ा24 को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ने लगी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तराखंड के रुद्रपुर में चुनावी जनसभा को संबोधित किए। इस दौरान उन्होंने विपक्षी इंडिया गठबंधन के नेताओं पर जमकर निशाना साधा। इसके साथ ही जनसभा में आए लोगों से उन्होंने देशी अंदाज में हाल चाल लिया।

मैदान में बैठे लोगों को धूप लगने पर पीएम मोदी ने कहा कि भीड़ के लिए पंडाल छोटा पड़ गया है। जितने लोग अंदर बैठे हैं उससे ज्यादा लोग बाहर धूप में तप रहे हैं। हमारी व्यवस्था में कुछ कमी रही इसके लिए मैं क्षमा मांगता हूं। आपको विश्वास दिलाता हूं कि धूप में तपने की आपकी तपस्या को बेकार नहीं जाने दूंगा। मैं इसे विकास कर करके लौटा दूंगा।

पीएम ने कहा कि, उत्तराखंड के प्रति भाजपा का प्रेम जग जाहिर है। हमें उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाकर सबसे आगे लेकर जाना है। इसके लिए केंद्र की भाजपा सरकार कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है। हमें उत्तराखंड को विकसित बनाना है, केंद्र सरकार कोई कसर नहीं छोड़ रही। दस साल में जितना विकास हुआ आज तक नहीं हुआ। 12 लाख घरों को पानी कनेक्शन दिया। तीन लाख को स्वामित्व योजना का लाभ मिला। 35 लाख लोगों को बैंक खाते खोले गए। छोटे किसानों के खाते में किसान निधि दी। नियत सही होती है तो काम ऐसे ही होते हैं। नियत सही तो नतीजे भी सही।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, कांग्रेस के शाही परिवार के शहजादे ने ऐलान किया है, अगर देश ने तीसरी बार मोदी सरकार को चुना तो आग लग जाएगी। 60 साल तक देश पर राज करने वाले 10 साल सत्ता से बाहर क्या रह गए, अब देश में आग लगाने की बात कर रहे हैं…ऐसे लोगों को चुन-चुन कर साफ कर दो, ऐसे लोगों को मैदान में मत रहने दो भाइयों। इमरजेंसी की मानसिकता वाली कांग्रेस का भरोसा अब लोकतंत्र पर नहीं बचा है। इसलिए अब वह जनादेश के विरुद्ध लोगों को भड़काने में जुट गई है।

इसके साथ ही कहा, मैं कहता हूं भ्रष्टाचार हटाओ। वो कहते हैं भ्रष्टाचारी बचाओ…लेकिन मोदी इनकी गालियों और धमकियों से डरने वाला नहीं है। हर भ्रष्ट पर कार्रवाई जारी रहेगी और तीसरे टर्म की शुरुआत में भ्रष्टाचार पर और तेज प्रहार होगा। भ्रष्टाचार हर गरीब का हक छीनता है, मध्यम वर्ग का हक छीनता है और मैं गरीब का हक, मध्यम वर्ग का हक किसी को छीनने नहीं दूंगा।

Related Articles

Back to top button