आज नौजवान रोजगार के लिए दर-दर भटक रहा और महिलाएं-किसान महंगाई के कारण परेशान हैं: प्रियंका गांधी

Lok Sabha Elections 2024: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी बीते कई दिनों रायबरेली और अमेठी में ताबड़तोड़ चुनाव प्रचार कर रही हैं। इसी क्रम में मंगलवार को उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी के लिए अमेठी में चुनावी जनसभा को संबोधित किया और इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।

प्रियंका गांधी ने कहा कि, नरेंद्र मोदी कहते हैं कि 10 साल में इतना काम हुआ है, जितना 70 साल में नहीं हुआ है। सच्चाई यह है कि- 70 साल में कांग्रेस ने जो भी बनाया, नरेंद्र मोदी ने सारा अपने अरबपति दोस्तों को सौंप दिया। कांग्रेस ने जिन कामों को बड़े स्तर पर शुरू किया, उसे इस सरकार ने अधर में छोड़ दिया। आज देश का नौजवान रोजगार के लिए दर-दर भटक रहा है, महिलाएं और किसान महंगाई के कारण परेशान हैं।

इसके साथ ही आगे कहा कि, नरेंद्र मोदी अपनी दुनिया में मस्त हैं। वह जनता से कट गए हैं।
वह वाराणसी से सांसद हैं, लेकिन यहां की जनता के घर कभी नहीं गए। तो वे जनता के दुख को क्या समझेंगे?

उन्होंने आगे कहा कि, अमेठी में बड़े से बड़ा नेता जनता के प्रति जवाबदेह बना। राजीव गांधी जी प्रधानमंत्री रहते हुए भी पैदल गांव-गांव घूमते थे। आपकी समस्याओं को समझते थे और डांट भी सुनते थे। ये आपकी राजनीति थी। ये इस देश की पुरानी परंपरा थी। लेकिन आज जो नेता हैं, उनकी कोई जवाबदेही नहीं है।

Related Articles

Back to top button