
उत्तर प्रदेश के कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह भीषण हादसा हो गया। पिकनिक से लौट रहे स्कूली बच्चों की बस सड़क किनारे खड़ी थी, तभी आलू से लदा तेज रफ्तार ट्रक पीछे से उसमें जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि 35 बच्चे घायल हो गए।हादसा 24 नवंबर की सुबह ठठिया थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 210 के पास हुआ। ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की बस में करीब 50 छात्र और छह शिक्षक सवार थे। सभी पिकनिक मनाकर कौशांबी लौट रहे थे। रास्ते में बच्चों के टॉयलेट जाने के लिए बस सड़क किनारे रोकी गई थी। इसी दौरान आगरा की ओर से आ रहे ट्रक ने बस को टक्कर मार दी।बस में मची चीख-पुकार, स्थानीय लोगों ने की मददटक्कर के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई। कई बच्चे क्षतिग्रस्त हिस्सों में फंस गए। आवाज सुनकर आसपास से गुजर रहे लोग मदद के लिए पहुंचे और बच्चों को बाहर निकालने में जुट गए। सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची।घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज तिर्वा पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। हादसे में जान गंवाने वाले छात्रों की पहचान 14 वर्षीय आर्यन चौरसिया, 18 वर्षीय रजीउल्ला, 17 वर्षीय जैद मिर्जा और 17 वर्षीय अरमान के रूप में हुई है। सभी कौशांबी और फतेहपुर क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।चार परिवारों में पसरा मातमपिकनिक पर गए बच्चों की सुरक्षित वापसी का इंतजार कर रहे परिवारों को हादसे की खबर ने झकझोर दिया। चार घरों में मातम है, जबकि घायल बच्चों के परिजन अस्पताल में उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।पुलिस ने शुरू की जांचपुलिस और प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य पूरा कराने के बाद हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बस सड़क किनारे खड़ी थी और पीछे से आए ट्रक ने उसे टक्कर मारी। पुलिस दुर्घटना के कारणों और आगे की कार्रवाई की पड़ताल कर रही है।



