उत्तरकाशी में बनेगा विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर, सीएम धामी ने की घोषणा

उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तरकाशी स्थित पौराणिक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और शक्ति मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने ऐतिहासिक रामलीला मैदान में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा ज्योति कलश यात्रा एवं सेवा संकल्प सभा में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम का प्रसारण भी देखा गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी में विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ और मां शक्ति का यह पवित्र स्थल श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। कॉरिडोर के निर्माण से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही धार्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
जनसेवा और सुशासन के 25 वर्षों को बताया प्रेरणादायी
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के पिछले ढाई दशकों में जनसेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा जनसेवा, राष्ट्रभाव और जनकल्याण के इसी संकल्प का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री के अनुसार जनधन योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि शासन को सरकारी कार्यालयों और फाइलों तक सीमित रखने के बजाय उसे लोगों के द्वार तक पहुंचाने की दिशा में कार्य हुआ है।
‘उत्तराखंड दशक’ के विजन को आगे बढ़ाने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बाबा केदार की धरती से 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया था। राज्य सरकार इसी विजन के अनुरूप प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार हो रहा है। इसके साथ ही उद्योग, पर्यटन, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
अर्थव्यवस्था, उद्योग और पर्यटन में वृद्धि का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुना से अधिक वृद्धि हुई है, जबकि प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित होने का भी उन्होंने उल्लेख किया।
उन्होंने बताया कि राज्य में होटलों की संख्या में लगभग 25 प्रतिशत और होमस्टे में 50 प्रतिशत से अधिक वृद्धि हुई है। प्रदेश की तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सतत विकास लक्ष्य सूचकांक में उत्तराखंड ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है और राज्य को लगातार चार वर्षों से मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट का सम्मान मिला है।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के पूर्ण साक्षर राज्य बनने की उपलब्धि का भी उल्लेख किया।
चारधाम यात्रा में 56 लाख से अधिक श्रद्धालुओं का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के परिणामस्वरूप इस वर्ष अब तक 56 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा कर चुके हैं।
उत्तरकाशी में विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि जिले में 200 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 50 योजनाओं का शिलान्यास किया गया है। इनमें से 26 योजनाओं का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि 24 योजनाओं पर कार्य चल रहा है।
समान नागरिक संहिता सहित विभिन्न कानूनों का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देश में समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना है। उन्होंने राज्य में सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून, भू-कानून और नकल विरोधी कानून लागू किए जाने का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और सख्त नकल विरोधी कानून के परिणामस्वरूप पिछले लगभग पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां मिली हैं।
उत्तरकाशी के लिए कई घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने गाजणा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौंतरी के उच्चीकरण की मांग का परीक्षण कराए जाने की बात कही। उन्होंने बताया कि भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए भारत सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है और इसकी स्वीकृति के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
इसके अलावा डोडीताल, अवाना बुग्याल और हरि महाराज सौड़ बुग्याल के विकास एवं सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्यों को आगे बढ़ाने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही।
मुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी का नाम पूर्व विधायक स्वर्गीय गोपाल सिंह रावत के नाम पर रखे जाने की घोषणा भी की।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को केवल लक्ष्य के रूप में नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों और दायित्वों के रूप में अपनाना होगा। प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, विधायक गंगोत्री सुरेश चौहान, विधायक पुरोला दुर्गेश्वर लाल, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण एवं केदार सिंह रावत, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button