
पार्टनर की जासूसी से क्या रिश्ते की गारंटी मिल सकती है? शादी से पहले जानें ये जरूरी बातें
मानवी और वरुण एक ही कंपनी में काम करते हैं। कलीग होने के साथ-साथ वे अच्छे दोस्त भी हैं। वे शादी करके अपने इस रिश्ते को और मजबूती देना चाहते हैं, लेकिन बीते कुछ दिनों से उनकी यह इच्छा उनके मन में अजीब-सी बेचैनी पैदा कर रही है। क्या शादी के बाद वे एक अच्छे पति-पत्नी बन पाएंगे? इस एक सवाल के अलावा वे एक-दूसरे की हर वह बात जान लेना चाहते हैं, जो शादी के बाद कोई समस्या खड़ी कर सकती है।
वरुण जब भी अपनी मां की बात करते हैं, मानवी का मन वहीं ठिठक जाता है। क्या वरुण शादी के बाद भी अपनी मां की हर बात मानेगा या उसे भी उतना ही महत्व देगा? कहीं यही बात उन दोनों के बीच अनबन का कारण तो नहीं बनेगी? वहीं, वरुण को लगता है कि शादी के बाद जब घर-परिवार की जिम्मेदारियां बढ़ेंगी, तो कहीं उसकी स्वतंत्रता छिन तो नहीं जाएगी? क्या मानवी का साथ उसे यूं ही मिलता रहेगा?
देखने में ये आशंकाएं स्वाभाविक लगती हैं पर जब इनसे निजात पाने के लिए भावी पार्टनर की जासूसी कराने की बात हो तो इसे क्या कहेंगे? भारत की जानी-मानी महिला जासूस व स्लूथ्स इंडिया डिटेक्टिव की निदेशक निधि जैन के अनुसार, ऐसा ही हो रहा है और बीते वर्षों में सामान्य जांच-पड़ताल के साथ प्रेमी जोड़ों के बीच भी ऐसी जांच कराने का चलन और बढ़ा है। उनके अनुसार, लंबे समय तक कोर्टशिप व लिवइन में रहने के बाद जब शादी की बात आती है तो पहले एक-दूसरे की जासूसी करवाकर परखा जाता है।
निधि इस चलन को गलत नहीं मानतीं। उनके अनुसार, नई पीढ़ी शादी से पहले उस व्यक्ति के बारे में हर जरूरी बात जान लेना चाहती है, जिसके साथ उसे पूरा जीवन बिताना है। ऐसे में, मन में किसी तरह का संदेह होने पर जांच-पड़ताल कराना गलत नहीं है। कई बार ऐसा होता है कि एक-दूसरे को जानने-समझने के बावजूद कुछ बातें सामने नहीं आ पातीं, जो बाद में बड़ी समस्या बन सकती हैं। इस संदर्भ में निधि पुणे की सिया और केतन के प्रसंग का उदाहरण देती हैं। वह कहती हैं, यदि केतन के माता-पिता ने शादी से पहले सिया के प्रेम प्रसंग के बारे में पता कर लिया होता, तो शायद उनके जीवन में आए तूफान को रोका जा सकता था।’ अब सवाल यह है कि क्या किसी के बारे में सब कुछ जान लेना ही एक बेहतर रिश्ते की गारंटी दे सकता है?
क्या कहता है यह बदलाव
वर्षों साथ रहकर भी जब उसी साथी से शादी की बात आती है तो अचानक मन में हलचल क्यों मचती है? जेनएयू की पूर्व प्रोफेसर व समाजशास्त्री डा. रेणु सिंह के अनुसार, यह बदलते समय का मनोवैज्ञानिक प्रभाव और उससे उपजा दबाव अधिक है। सूचनाओं की लगातार होने वाली बमबारी, इंटरनेट मीडिया, एआई आदि के कारण लोग समझ नहीं पाते कि वे स्वयं क्या चाहते हैं। जब स्वयं नहीं पता कि क्या चाहिए तो वहां दूसरों से अपेक्षाएं बढ़ती है और भावी साथी की पड़ताल इसी का एक अंग है। शादी के बाद मिले धोखे व हिंसक घटनाओं से जुड़ी खबरें भी नई पीढ़ी को शादी से भयभीत कर रही हैं।
दिल्ली की साइकोथेरेपिस्ट नयामत बावा इस चलन को रिश्तों को लेकर नई पीढ़ी के अलग सोच का परिणाम मानती हैं। दरअसल, आज की पीढ़ी किसी भी भावनात्मक जोखिम से बचने के लिए ऐसा कर रही है। सच तो यह है कि बेहतर से बेहतर जासूस या कोई एजेंसी बैकग्राउंड जांच के संबंध में आपको बस कुछ जानकारी ही दे सकते हैँ। आप जिसे अपना जीवनसाथी बनाना चाहते हैं क्या उसके साथ रिश्ता निभाने का उचित कौशल अपने भीतर विकसित करना चाहते हैं? पूछती हैं नयामत बावा। चर्चित मैरिज काउंसलर शिवानी मिसरी साधू कहती हैं- अच्छा है शादी के लिए हां कहने से पूर्व जांच-पड़ताल कराएं। यह जरूरी है ताकि आप लड़के की शिक्षा, नौकरी, आर्थिक स्थिति के बारे में आश्वस्त हो जाएं लेकिन यदि आप इन सूचनाओं के माध्यम से भविष्य की अनिश्चिताएं खत्म करना चाहते हैं तो यह संभव नहीं। अक्सर किसी व्यक्ति को अधिक जानने के क्रम में कुछ ऐसी बातें सामने आती हैं जो मन में अधिक संदेह व उलझन पैदा कर सकती हैं।
अनजाने ही न हो जाए गलती
नयामत बावा, साइकोथेरेपिस्ट बताती हैं कि भविष्य की अनिश्चितता को लेकर हमारी असहजता बढ़ती जा रही है। हम अपनी कमजोरियों को लेकर भी असहज हो रहे हैं। कमजोरियों को खत्म करने की पहल की जा सकती है। आपका रिश्ता हमेशा एक-सा या अच्छा ही बना रहेगा इसकी गारंटी चाहना सही नहीं। कहीं ऐसा न हो कि शादी के बाद हर जोखिम को हटाने के लिए आप जो जासूसी कराना चाह रहे है, वह प्रयास अनजाने ही उस चीज को खत्म कर दे जहां आत्मीयता व एक-दूसरे पर भरोसा विकसित हो सकता था।
प्राथिमकता से बनेगी बात
समाजशास्त्री रेणुका सिंह के मुताबिक भविष्य में आपके साथ क्या होगा यह कोई नहीं बता सकता, पर साथी के बारे में छानबीन कर यदि इसे भी नियंत्रण में रखने की इच्छा है तो यह परेशान करेगा। यदि पसंद की शादी है तो ऐसी अपेक्षाएं और बड़ी हो जाती हैं। ऐसे में यदि आपकी प्राथमिकता शादी, परिवार नहीं है तो बेहतरी की अपेक्षा नहीं की जा सकती। इसलिए समझदारी इसी में है कि आप पहले तय करें कि आपकी प्राथमिकता क्या है? यदि शादी करना, घर परिवार में खुश रहना है तो इसके मूल्यों को भी आत्मसात करना होगा।
रिश्ता अधिक महत्वपूर्ण
शिवानी मिसरी साधू, मैरिज काउंसलर कहती हैं कि सफल वैवाहिक जीवन का आधार है खुला संवाद, भावनात्मक सूझ-बूझ, धैर्य के साथ परस्पर सम्मान। शादी में मतभेद होना असामान्य नहीं लेकिन आप इसे कैसे सुलझाते हैं इस पर टिकी होती है आपके रिश्ते की मजबूती। शादी से पूर्व जांच-पडताल ठीक है पर किसी के व्यक्तित्व को पूरी तरह जानना कठिन है। इसके पीछे न भागें। शादी के बाद आपने हमें यह नहीं बताया, यह क्यों छुपाया आदि के फेर में न पड़ें। प्राथमिकता केवल आपका रिश्ता, आपका साथी होना चाहिए।
मानसिक सेहत भी केंद्र में
निधि जैन, निदेशक, स्लूथ्स इंडिया डिटेक्टिव के मुताबिक आज की पीढ़ी विवाह को केवल निभाने या पारपंरिक बंधन के रूप में ही नहीं देखती। उनके लिए यह जीवन का एक बड़ा निर्णय है जिसमें वे खुश रहना चाहते हैं। कोई असमानता या गलत व्यवहार स्वीकार नहीं कर पाते। इन दिनों बाद की अच्छी जिंदगी के लिए लोग साथी की मानसिक स्थिति व व्यवहार को भी पहले से जानना चाहते हैँ। हाल के दिनों में हमने ऐसे कई मामले हैंडिल किए हैं जिनमें क्लाइंट का शक सही निकलता है और वे गलत शादी में जाने से बच जाते हैं।
आप पढ़ रहे हैं : UjjawalPrabhat.Com



