बिहार: 2027 तक बनेगा एआई और मशीन लर्निंग आधारित ग्लोबल डिलीवरी सेंटर

बिहार: 2027 तक बनेगा एआई और मशीन लर्निंग आधारित ग्लोबल डिलीवरी सेंटर

बिहार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग के क्षेत्र में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करने की तैयारी है। राज्य में वर्ष 2027 तक AI एवं मशीन लर्निंग आधारित ग्लोबल डिलीवरी सेंटर स्थापित करने का प्रस्ताव है। इसके माध्यम से करीब 200 युवाओं के लिए उच्च कौशल वाले रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इस परियोजना को लेकर मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में बिहार सरकार के सूचना प्रावैधिकी विभाग और AI कंपनी टाइगर एनालिटिक्स इंडिया कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

पटना स्थित लोक सेवक आवास के ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित कार्यक्रम में इस समझौते पर सहमति बनी। परियोजना के तहत टाइगर एनालिटिक्स इंडस्ट्री पार्टनर की भूमिका निभाएगा। सरकार का उद्देश्य इस सेंटर के माध्यम से बिहार को देश के प्रमुख AI इकोसिस्टम हब के रूप में विकसित करना है।

युवाओं को AI और डेटा एनालिटिक्स की मिलेगी ट्रेनिंगइस ग्लोबल डिलीवरी सेंटर के माध्यम से राज्य के छात्र-छात्राओं, युवाओं, तकनीकी पेशेवरों और सरकारी अधिकारियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं डेटा एनालिटिक्स के क्षेत्र में उच्चस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। इससे युवाओं की तकनीकी दक्षता और कौशल विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।

सरकार के मुताबिक, इस पहल से युवाओं को भविष्य की उभरती तकनीकों के अनुरूप रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसर मिल सकेंगे। इसके साथ ही राज्य में तकनीकी प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा और डिजिटल अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

तीन नीतियों के जरिए निवेश को बढ़ावा देने की तैयारीबिहार सरकार राज्य में तकनीकी निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए Bihar IT Policy 2024, Bihar GCC Policy 2026 और Bihar AI Policy 2026 लागू कर चुकी है। इन नीतियों के तहत कंपनियों को वित्तीय प्रोत्साहन, आधुनिक तकनीकी आधारभूत संरचना और कारोबार स्थापित करने में सुगमता उपलब्ध कराने का प्रावधान है।

सरकार का मानना है कि AI और मशीन लर्निंग आधारित ग्लोबल डिलीवरी सेंटर की स्थापना से बिहार के आईटी और AI इकोसिस्टम को मजबूती मिलेगी। साथ ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के लिए राज्य में निवेश के नए रास्ते खुलेंगे। इससे तकनीकी क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ने की भी उम्मीद है।

कार्यक्रम में ये अधिकारी रहे मौजूदइस मौके पर सूचना प्रावैधिकी सह नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, सूचना प्रावैधिकी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह और टाइगर एनालिटिक्स के वाइस प्रेसिडेंट एवं ग्लोबल हेड बद्रीश प्रकाश समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
आप पढ़ रहे हैं : UjjawalPrabhat.Com

Related Articles

Back to top button