भाजपा शासित राज्य पेपर लीक का एपिसेंटर बन चुके हैं…NEET परीक्षा विवाद के बीच राहुल गांधी का निशाना

नई दिल्ली। NEET परीक्षा को लेकर देशभर में विवाद जारी है। बड़ी संख्या में छात्र विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके साथ ही विपक्षी दल भी सरकार को घेरने में जुटे हैं। इस बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि, भाजपा शासित राज्य पेपर लीक का एपिसेंटर बन चुके हैं।

राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा कि, NEET परीक्षा में 24 लाख से अधिक छात्रों के भविष्य के साथ हुए खिलवाड़ पर भी नरेंद्र मोदी हमेशा की तरह मौन धारण किए हुए हैं। बिहार, गुजरात और हरियाणा में हुई गिरफ्तारियों से साफ है कि परीक्षा में योजनाबद्ध तरीके से संगठित भ्रष्टाचार हुआ है और ये भाजपा शासित राज्य पेपर लीक का एपिसेंटर बन चुके हैं।

इसके साथ ही लिखा कि, हमारे न्यायपत्र में पेपर लीक के विरुद्ध सख्त कानून बना कर युवाओं का भविष्य सुरक्षित करने की हमने गारंटी दी थी। विपक्ष की ज़िम्मेदारी निभाते हुए हम देश भर के युवाओं की आवाज़ सड़क से संसद तक मज़बूती से उठा कर और सरकार पर दबाव डाल कर ऐसी कठोर नीतियों के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं।

Related Articles

Back to top button