सहारनपुर में पुलिस की गजब चूक, सुप्रीम कोर्ट के जज की जगह ओवैसी को दे दी सलामी

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पुलिस की एक बड़ी चूक सामने आई है। यहां पुलिसकर्मियों ने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को गलती से गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया। शनिवार को ओवैसी जैसे ही सर्किट हाउस पहुंचे, जवानों ने उन्हें सलामी दी। इस दौरान ओवैसी भी खड़े होकर सलामी लेते नजर आए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।जानकारी के मुताबिक, सर्किट हाउस में सुप्रीम कोर्ट के एक जज के आगमन को लेकर पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर की तैयारी की थी। जवानों की तैनाती भी इसी के लिए की गई थी। इसी बीच शनिवार सुबह करीब 11 बजे आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर सर्किट हाउस पहुंचे। करीब 20 मिनट बाद ओवैसी भी अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ वहां पहुंचे।बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मियों ने ओवैसी को ही जज समझ लिया और उन्हें सलामी दे दी। ओवैसी भी इस दौरान गार्ड ऑफ ऑनर लेते दिखाई दिए। हालांकि, पुलिसकर्मियों को अपनी गलती का पता कब चला, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। जिस गार्ड ऑफ ऑनर की तैयारी सुप्रीम कोर्ट के एक जज के लिए की गई थी, वह गलती से ओवैसी को दे दिया गया। फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक सफाई या कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।

Related Articles

Back to top button