हाथरस में करीब 107 लोगों की मौत, पीएम मोदी ने जताया दुख, सीएम योगी से की बात

हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सिकंदराराऊ कस्बे के फुलरई गांव में मंगलवार को बड़ा हादसा हुआ। इस हादसे में अब तक करीब 107 लोगों के मौत की खबर है। बताया गया है कि सत्संग समाप्त होने के बाद यहां से जैसे भी भीड़ निकलना शुरू हुई तो भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में महिलाएं और बच्चे बुरी तरह कुचलते चले गए। वहीं, इस घटना पर पीएम मोदी, सीएम योगी आदित्यनाथ, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत अन्य नेताओं ने दुख जताया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा कि, उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुए दुखद हादसे को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से बात की। यूपी सरकार सभी पीड़ितों की हरसंभव सहायता में जुटी हुई है। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं, जिन्होंने इसमें अपने प्रियजनों को खोया है। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

वहीं, गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा कि, उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुए दुःखद हादसे से मन अत्यंत व्यथित है। इस दुर्घटना में जान गँवाने वाले लोगों के परिवारजनों के प्रति संवेदनाएँ व्यक्त करता हूँ। ईश्वर उन्हें यह कष्ट सहने की शक्ति दें। स्थानीय प्रशासन राहत कार्यों में जुटा है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।

राहुल गांधी ने जताया दुख
हाथरस की घटना पर राहुल गांधी ने दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि, उत्तर प्रदेश के हाथरस में सत्संग के दौरान मची भगदड़ से कई श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। सभी शोकाकुल परिजनों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं। सरकार और प्रशासन से अनुरोध है कि घायलों को हर संभव उपचार एवं पीड़ित परिवारों को राहत उपलब्ध कराएं। INDIA के सभी कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि राहत और बचाव में अपना सहयोग प्रदान करें।

Related Articles

Back to top button