
उत्तर प्रदेश के अटल आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 और 9 में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक छात्र 20 नवंबर से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तारीख 5 जनवरी 2027 है, जबकि प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी।अभिभावक बच्चों के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं। चयनित और पात्र विद्यार्थियों को इन विद्यालयों में निशुल्क शिक्षा दी जाएगी।कौन कर सकता है आवेदन?योजना का लाभ मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को मिलेगा। इसके लिए अभिभावक की सदस्यता 30 अक्टूबर 2026 तक कम से कम तीन साल पुरानी होनी चाहिए। एक श्रमिक परिवार से अधिकतम दो बच्चे आवेदन कर सकते हैं।कोरोना महामारी के दौरान माता-पिता को खोने वाले पंजीकृत बच्चे और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के पात्र बच्चे भी आवेदन कर सकते हैं। आरक्षण के तहत OBC को 27%, SC को 21% और ST को 2% सीटें मिलेंगी। दिव्यांग बच्चों के लिए भी आरक्षण का प्रावधान है।कक्षा के हिसाब से आयु सीमाकक्षा 6 में प्रवेश के लिए छात्र का पांचवीं में पढ़ना या पास होना जरूरी है। उसकी जन्मतिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच होनी चाहिए। कक्षा 9 के लिए आठवीं में अध्ययनरत या उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इस कक्षा के लिए जन्मतिथि 1 मई 2012 से 31 जुलाई 2014 निर्धारित की गई है।लखनऊ मंडल में कितनी सीटें?लखनऊ के सिठौली कला स्थित अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा 6 के लिए 140 सीटें हैं। इनमें 70 बालकों और 70 बालिकाओं के लिए हैं। कक्षा 9 में बालिकाओं के लिए आठ सीटें निर्धारित की गई हैं। लखनऊ मंडल के लखनऊ, लखीमपुर, रायबरेली, सीतापुर, उन्नाव और हरदोई जिले के पात्र विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं।कहां से मिलेगा आवेदन फॉर्म?अभिभावक अपने जिले के श्रम कार्यालय, जिला प्रोबेशन अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA), जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) या अटल आवासीय विद्यालय से निशुल्क आवेदन फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं। भरे हुए फॉर्म इन्हीं कार्यालयों में जमा किए जा सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन का विकल्प भी उपलब्ध है।



