अखिलेश यादव ने ट्रेड डील पर उठाए सवाल, कहा-जो 70 प्रतिशत कृषि आधारित जनता के लिए हानिकारक वो कभी लाभकारी नहीं हो सकती

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्रेड डील को लेकर भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि, ये डील नहीं, ढील है। भाजपा की उल्टी गणित से जनता फिर पूछ रही है: ज़ीरो (0) बड़ा या अठारह (18%)…इस देश में कोई भी डील जो 70% कृषि आधारित जनता के लिए हानिकारक है वो कभी लाभकारी साबित नहीं हो सकती है।

कृषि और डेयरी को बचाने का जो झूठ सदन के पटल पर बोला जा रहा है, उसका संज्ञान भविष्य में लिया जाएगा और झूठा साबित होने पर कार्रवाई की मांग भी की जाएगी। जब डील की शर्तें निर्धारित और हस्ताक्षरित ही नहीं हुई हैं तो कोई पहले से दावे कैसे कर सकता है। कोई भी ट्रेड लाभ-हानि की तराज़ू पर तोला जाता है। ऐसे में सवाल ये है कि फ़ायदे में कौन है और नुक़सान में कौन।

भाजपाई हानि का उत्सव न मनाएं। ये डील एक आपदा है, भाजपाई इसमें कमीशनख़ोरी के अवसर न तलाशें। ये समझौता नहीं, समर्पण है। लोग कह रहे हैं, ऐसा लग रहा है कि भारत से 500 अरब डॉलर की रंगदारी वसूली जा रही है। जो ट्रेड डील को मील का पत्थर बता रहे हैं, उनकी अक्ल पर पत्थर पड़ गये है। जो कह रहे हैं कि ये कूटनीति की जीत है दरअसल वो भी जानते हैं कि अमेरिका कूट नीति को कूट-कूट मन माफ़िक साँचे बना रहा है, जिसमें वो अपने मुनाफ़े का कारोबार ढाल सके। जो इसे भाजपा सरकार के दबदबे की जीत बता रहे हैं, वो दरअसल दबा-दबा महसूस कर रहे हैं। उनकी जीभ भी दबी है और गर्दन भी।

Related Articles

Back to top button