कांग्रेस हो या आरजेडी इन्होंने हर मौके पर बिहार और बिहारी गौरव का अपमान किया: पीएम मोदी

Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर पीएम मोदी लगातार रैलियों को संबोधित कर रहे हैं। गुरुवार को प्रधानमंत्री बिहार पहुंचे, जहां उन्होंने जमुई में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने लालू यादव और इंडिया गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। इसके साथ ही रामविलास पासवान को भी याद किया।

उन्होंने कहा, बिहार की धरती पूरे देश को दिशा दिखाने वाली रही है। बिहार की इस धरती ने आजादी की लड़ाई में और स्वतंत्र भारत की नींव मजबूत करने में बहुत बड़ी भूमिका निभाई है। लेकिन दुर्भाग्य से आजादी के बाद बिहार के सामर्थ्य के साथ न्याय नहीं हो पाया। बिहार को NDA गठबंधन बहुत ही परिश्रम से एक बड़े दलदल से बाहर निकाल कर लाया है।

लालू यादव पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, रेलवे में भर्ती के नाम पर जो लोग गरीब युवाओं से जमीन लिखवा लें, वो बिहार के युवाओं का कभी भला नहीं कर सकते। घमंडिया गठबंधन वालों के समय में केवल खस्ताहाल ट्रेनें चलती थीं। लेकिन अब पूरे देश की तरह ही बिहार के लोग भी वंदेभारत ट्रेन में सफर कर रहे हैं।

इसके साथ ही कहा, आज देश के सारे भ्रष्टाचारी, जो हमेशा एक दूसरे से लड़ते थे, अब मिलकर मोदी के खिलाफ हो गए हैं। मैं कहता हूं- भ्रष्टाचार हटाओ, वो कहते हैं- भ्रष्टाचारी बचाओ। उन्होंने कहा, एक तरफ NDA सरकार है, जो नए उद्योग लगाने की बात करती है। दूसरी ओर ये लोग हैं, जिनकी पहचान अपहरण उद्योग की रही है। एक तरफ NDA सरकार है, जो सोलर पावर और LED लाइट की बात करती है। दूसरी ओर ये घमंडिया गठबंधन वाले लोग हैं, जो बिहार को लालटेन युग में रखना चाहते हैं।

पीएम ने कहा, हमारी सरकार में राम मंदिर का 500 वर्ष पुराना सपना पूरा हुआ है, जबकि आरजेडी-कांग्रेस ने राम मंदिर न बने, इसके लिए पूरी ताकत लगा दी थी। आज भी ये लोग राम मंदिर का उपहास उड़ाते हैं, अपमान करते हैं। साथ ही कहा, कांग्रेस हो या आरजेडी… इन्होंने हर मौके पर बिहार और बिहारी गौरव का अपमान किया है। यही कांग्रेस और आरजेडी थी, जिसने कर्पूरी ठाकुर का अपमान किया था। अभी कुछ ही समय पहले हमारी सरकार ने बिहार के गौरव कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिया, तब भी इन लोगों ने उसका विरोध किया।

Related Articles

Back to top button