Bihar News: विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी के पिता की निर्मम तरीके से हत्या

पटना। विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। उनका शव क्षत विक्षत हालत दरभंगा जिले के बिरौल में घनश्यामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत उनके आवास पर मिला। इस घटना के बाद हड़कंप मच गया। विपक्षी दलों ने ​नीतीश सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही, बिहार की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

लोगों का कहना है कि अपराधियों ने धारदार हथियार से वारकर हत्या की है। घर पर सारे सामान बिखरे पड़े हैं। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी ने मामले की जांच शुरू की। इसके कुछ देर बाद ही राज्य सरकार ने आईपीएस काम्या मिश्रा को जांच की कमान सौंपते हुए एसआईटी गठन की घोषणा की।

मुकेश सहनी घर पर नहीं थे
महागठबंधन के घटक दल वीआईपी के प्रमुख मुकेश सहनी को अपने पिता की हत्या की जानकारी दूसरों से मिली। वह मुंबई स्थित अपने कार्यस्थल पर थे, जहां उन्हें कॉल पर इसकी सूचना दी गई। घटना से आहत मुकेश सहनी मुंबई से दरभंगा के लिए निकल चुके हैं। वीआईपी के वरीय नेता देव ज्योति ने बताया कि कुछ देर पहले हमलोगों को जानकारी मिली है। कुछ समझ में नहीं आ रहा है कि कैसे क्या हो गया है। हमारे नेता मुकेश सहनी काफी आहत हैं। वह मुंबई से दरभंगा के लिए निकल चुके हैं। दरभंगा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची है।

Related Articles

Back to top button