समाज को सबसे ज्यादा बांटने और नफरत फैलाने का काम कर रही है भाजपा : अखिलेश यादव

मैनपुरी। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को मैनपुरी पहुंचे। यहां पर उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, हालही में जो चंडीगढ़ का चुनाव हमने आपने देखा जिसमें आरोप लगा है कि वोट जो डाले गए उनको खराब करने का काम भी अधिकारियों ने किया। उत्तर प्रदेश के चुनाव में देखा था किस तरीके से बेईमानी भाजपा ने की, बेईमानी इस स्तर पर होगी तो लोकतंत्र कहां सुरक्षित है?

साथ ही कहा, भारतीय जनता पार्टी का सबसे खतरनाक परिवार है, उस परिवार की कोई चर्चा ही नहीं करते। जो नफरत फैला रहा है, हमारी संस्कृति को खराब करने का काम कर रहा है। समाज को सबसे ज्यादा बांटने का काम भारतीय जनता पार्टी का परिवार कर रहा है।

अखिलेश यादव ने कहा, अधिकारी लूट रहे हैं, मुख्यमंत्री जी खुद स्वीकार कर रहे हैं कि गोरखपुर में बहुत भूमाफिया आ गए हैं। जो भूमाफिया हैं भाजपा में बहुत पनप रहे हैं, कोई जिला ऐसा नहीं बचा जहां पर बड़े पैमाने पर भूमाफिया काम ना कर रहे हो। इसके साथ ही कहा, विकसित भारत अगर आप बनाना चाहते हैं तो विकसित देशों की हम कुछ नकल करें। अमेरिका जैसा देश ये आजादी देता है कि आप कैसे वोट डाले, जर्मनी बैलट से वोट डाल रहा है, जापान जहां ईवीएम बनी वह बैलट से वोट डाल रहा है। आपके देश में बैलट से वोट क्यों नहीं?

उन्होंने कहा, यह कार्यवाहक कानून व्यवस्था है। इसीलिए जो जीरो टॉलरेंस का नारा देते हैं, कानून व्यवस्था जीरो हो गई है। एनसीआरबी का आंकड़ा देखें तो महिलाएं सबसे ज्यादा पीड़ित, दु:खी हैं। जबसे ये सरकार आई है 1 लाख किसानों ने आत्महत्या की।

Related Articles

Back to top button