भाजपा में शामिल होने की अटकलों के बीच दिल्ली पहुंचे चंपई सोरेन, कहा-निजी काम से आएं हैं

नई दिल्ली। झारखंड में सियासी सरगर्मी बढ़ती जा रही है। पूर्व सीएम चंपई सोरेने के भाजपा में शामिल होने की अटकलें शुरू हो गईं हैं। इन सबके बीच चंपई सोरेन दिल्ली पहुंचे हैं। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने इसे निजी दौरा बता दिया। हालांकि, कहा जा रहा है कि, वे भाजपा के शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं।

चंपई सोरेन कोलकाता से दिल्ली पहुंचे हैं। जब चंपई सोरेन से पूछा गया कि वे कोलकाता क्यों गए थे? तो चंपई सोरेन ने स्पष्ट जवाब नहीं दिया और कहा कि ‘वह इसके बारे में बाद में बताएंगे’। साफ है कि चंपई सोरेन ने भाजपा में शामिल होने की बात से इनकार नहीं किया है।

ऐसी चर्चाएं हैं कि चंपई सोरेन कई विधायकों के साथ भाजपा में शामिल हो सकते हैं। झारखंड में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में अगर चंपई सोरेन भाजपा का दामन थामते हैं तो यह सत्ताधारी झामुमो के लिए बड़ा झटका होगा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चंपई सोरेन के पैतृक गांव और माहुलडीह इलाके में स्थित झामुमो के कार्यालय और बाजार से झामुमो के झंडे हटा दिए गए हैं।

बता दें कि, जमीन घोटाले में जब हेमंत सोरेन को बीती जनवरी में गिरफ्तार किया गया था, जिसके चलते हेमंत सोरेन ने झारखंड सीएम पद से इस्तीफा दे दिया था। हेमंत सोरेन के इस्तीफे के बाद फरवरी में चंपई सोरेन राज्य के सीएम बने। हालांकि जुलाई में जब हेमंत सोरेन जमानत पर जेल से बाहर आए तो चंपई सोरेन ने सीएम पद से इस्तीफा दिया और फिर से हेमंत सोरेन सीएम चुने गए।

Related Articles

Back to top button