भारत-नेपाल मैत्री और सीमांत विकास को नई मजबूती देगा छारछुम पुल : धामी

देहरादून। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के धारचूला स्थित छारछुम में काली नदी पर निर्मित भारत-नेपाल मोटर पुल का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह द्वारा लोकार्पण किए जाने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने इसे दोनों देशों के ऐतिहासिक मैत्री संबंधों को नई मजबूती देने और सीमांत क्षेत्रों के विकास को गति प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण परियोजना बताया।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह पुल महज आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने रोटी-बेटी के रिश्तों, सांस्कृतिक एकता और आपसी विश्वास का प्रतीक है। इससे दोनों देशों के सीमावर्ती क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होगा और व्यापार, पर्यटन तथा सामाजिक संबंधों को बढ़ावा मिलेगा।धामी ने बताया कि उन्होंने 19 सितंबर 2022 को छारछुम में काली नदी पर 110 मीटर स्पान के डबल लेन मोटर पुल का शिलान्यास किया था। अब इसका लोकार्पण सीमांत क्षेत्र के लोगों के लिए खुशी और गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि पुल के बनने से सीमावर्ती क्षेत्रों के व्यापारियों, उद्यमियों और स्थानीय निवासियों को विशेष लाभ मिलेगा। स्थानीय उत्पादों के विपणन, व्यापारिक गतिविधियों और पर्यटन के विस्तार के साथ रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों में सड़क, संचार, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सीमावर्ती गांवों को देश के प्रथम गांव के रूप में विकसित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।उन्होंने इस परियोजना के लोकार्पण के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि मजबूत सीमांत क्षेत्र ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं। छारछुम पुल भारत-नेपाल मैत्री को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ सीमांत क्षेत्र की आर्थिक समृद्धि का भी मार्ग प्रशस्त करेगा।

Related Articles

Back to top button