हाथरस में घायल पीड़ितों से मिले सीएम योगी, सत्संग के आयोजकों पर दर्ज हुई FIR

हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस के सिकंदराराऊ क्षेत्र में मंगलवार को हुए दर्दनाक हादसे में अब तक 121 लोगों की जान चली गयी है, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा उस समय हुआ जब फुलरई मुगलगढ़ी में भोले बाबा सत्संग समाप्त करने के बाद बाहर निकल रहे थे। तभी वहां पर भगदड़ मच गयी, जिसके कारण 121 लोगों ने अपनी जान गंवा दी।

वहीं, इस घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार हाथरस पहुंचे, जहां उन्होंने अस्पताल में पीड़ितों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि, हाथरस की दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में घायल हुए लोगों से आज अस्पताल में भेंट कर उनका कुशल-क्षेम जाना और चिकित्सकों से उनके उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

इसके साथ ही कहा, कुशल चिकित्सकों के नेतृत्व में सभी का समुचित उपचार शीर्ष प्राथमिकता पर किया जा रहा है। इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ पीड़ितों और उनके परिवार के साथ खड़ी है। सभी घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्राप्ति हो, प्रभु श्री राम से यही प्रार्थना है।

बता दें कि, इस मामले में पुलिस ने आयोजकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि, इसमें बाबा का नाम नहीं शामिल है। बल्कि बाबा के मुख्य सेवादार देव प्रकाश मधुकर निवासी न्यू कॉलोनी दमदमपुरा कस्बा सिकंदराराव हाथरस उत्तर प्रदेश के खिलाफ दर्ज किया है। कुछ सेवादार व आयोजकों पर अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की एफआईआर में स्पष्ट किया गया है की आयोजकों ने 80,000 भीड़ की अनुमति मांगी थी और यहां पर क्षमता से अधिक भीड़ एकत्रित की गई। लाखों की भीड़ के जमा होने से व्यवस्था बिगड़ी।

Related Articles

Back to top button