महंगाई, बेरोज़गारी, भ्रष्टाचार की वजह से सबसे पहले आम जनता ने भाजपा का साथ छोड़ा: अखिलेश यादव

लखनऊ। लोकसभा चुनाव के तीन चरण पूरे हो चुके हैं। तीसरे चरण की वोटिंग के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष की पार्टियां अपने अपने दावे कर रहीं हैं। इन सबके बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार को लेकर युवा, किसान और महिलाओं ने उनका साथ छोड़ दिया है, जिसके कारण ये चुनाव हार रहे हैं।

अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा कि, भाजपा की हार की क्रोनोलॉजी: महंगाई, बेरोज़गारी, भ्रष्टाचार की वजह से सबसे पहले आम जनता ने भाजपा का साथ छोड़ा। ⁠फिर संविधान और आरक्षण को ख़त्म करने की साज़िश रचनेवाली भाजपा के ख़िलाफ़ शोषित, दमित, वंचित लोगों ने भाजपा का साथ छोड़ा। साथ ही कहा, किसानों को भी लगा कि जो हमारे ख़िलाफ़ काले क़ानून लाए, जिन्होंने रास्ते में कील-काँटे बिछाए उन किसान-विरोधियों का साथ क्या देना?

उन्होंने आगे कहा कि, युवाओं को भी लगा कि जो नौकरी-रोज़गार को षड्यंत्र रचकर ख़त्म कर रहे हैं, उनको वापस लाकर अपना भविष्य बर्बाद क्यों करना? महिलाओं को भी लगा कि जो मणिपुर, कानपुर देहात, उन्नाव, कर्नाटक और खेल तक में हो रहे नारी के अभूतपूर्व अत्याचार पर नहीं बोल रहे हैं उनपर भरोसा करना, ख़ुद को धोखा देना है। ⁠फिर पूँजीपतियों को लगा कि जो घोड़ा जीत नहीं रहा उसको दाना-पानी क्यों डाला जाए?

उन्होंने आगे लिखा कि, मीडिया को लगा कि हारनेवाले के गीत क्यों गाए जाएं? ख़ुद भाजपा को लगा कि जब सब मिलकर हमें हरा रहे हैं, तो जाते-जाते अपनी हार का ढीकरा दूसरों पर डालकर, ऐतिहासिक हार की शर्मिंदगी से कैसे बचा जाए तो वो अपनी नाव में ही छेद करने लगे क्योंकि उन्हें लगा हार का सामना करने से अच्छा डूबना है।

Related Articles

Back to top button