पिछले दस साल से एक ऐसी सरकार है, जिसने बेरोजगारी, महंगाई और अत्याचार को बढ़ावा देने में कोई कसर नहीं छोड़ी: सोनिया गांधी

Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ती जा रही है। कांग्रेस की तरफ से प्रचार तेज हो गया है। शनिवार को कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता जयपुर पहुंचे हैं जहां पार्टी का चुनावी घोषणा पत्र ‘न्याय पत्र’ लॉन्च किया जाएगा। इसके लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा जयपुर में आयोजित रैली में शामिल हुए हैं। इस दौरान सोनिया गांधी ने रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जोरदार हमला किया।

साथ ही कहा, हमारा देश पिछले दस साल से एक ऐसी सरकार के हवाले है, जिसने बेरोजगारी, महंगाई, आर्थिक संकट, असमानता और अत्याचार को बढ़ावा देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इस मोदी सरकार ने जो किया है, वो हमारे आपके सामने है। इसलिए यह समय हताशा से भरा हुआ है, लेकिन जान लीजिए कि हताशा के साथ ही उम्मीद का भी जन्म होता है।

उन्होंने कहा, मुझे पूरा यकीन है कि कांग्रेस के हमारे साथी न्याय के दीपक को अपने सीने की आग से जलाएंगे और हजार आंधियों में उसे संभालकर आगे बढ़ेंगे। क्योंकि यह देश सिर्फ चंद लोगों की जागीर नहीं है। यह देश हम सबका है। इसे हमारे पुरखों ने अपने खून से सींचा है। इसकी हवाओं में हमारी मां-बहनों के पसीने का नमक है। यह देश हमारे बच्चों का आंगन है। इस देश के मासूम बच्चों से उनके हिस्से का न्याय छीना नहीं जा सकता

इसके साथ ही सोनिया गांधी ने कहा, देश से ऊपर हो जाने की बात सपने में भी नहीं सोची जा सकती। क्या कोई देश से बड़ा हो सकता है? जो ऐसा सोचता है, उसे देश की जनता सबक सिखा देती है। दुर्भाग्य से आज हमारे देश में ऐसे नेता सत्ता में विराजमान हैं। मोदी जी खुद को महान मान कर देश और लोकतंत्र की मर्यादा का चीरहरण कर रहे हैं। विपक्षी नेताओं को डराने-धमकाने, BJP में शामिल कराने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। आज हमारे देश का लोकतंत्र खतरे में हैं। लोकतांत्रिक संस्थाओं को राजनीतिक सत्ता के हथियार से बर्बाद किया जा रहा है। यही नहीं, हमारे संविधान को बदलने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। पूरे तंत्र में भय बैठाया जा रहा है। यह सब तानाशाही है और हम सब इसका जवाब देंगे।

Related Articles

Back to top button