भारत में सबसे बड़ा दलित, ओबीसी और आदिवासी विरोधी अगर कोई है तो वो है कांग्रेस का परिवार : पीएम मोदी

Haryana Election 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ती जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को हरियाणा के कुरुक्षेत्र में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशना साधा। उन्होंने कहा कि, हमने कांग्रेस की सरकार का वो दौर देखा है…विकास का पैसा सिर्फ एक जिले तक सीमित रह जाता था। इतना ही नहीं, वो पैसा किस-किस के जेब में जाता था, इसको भी हरियाणा का बच्चा-बच्चा जानता है।

भाजपा ने पूरे हरियाणा को विकास की धारा से जोड़ा है। भाजपा सरकार के आने से पहले यहां आधे घरों में नल कनेक्शन नहीं था। आज हरियाणा करीब-करीब शत प्रतिशत नल से जल वाला राज्य बन रहा है। जनता की परेशानी से, जनता की समस्याओं से कांग्रेस को कभी कोई फर्क नहीं पड़ता। कांग्रेस से बड़ी बेईमान और धोखेबाज पार्टी देश में और कोई नहीं है।

उन्होंने आगे कहा, कांग्रेस किसानों के लिए बड़ी-बड़ी बातें करती है…उन्हें बड़े-बड़े सपने दिखाती है। सच्चाई ये है कि ये झूठ के अलावा कुछ नहीं है। अगर कांग्रेस में दम है, तो वो कर्नाटक और तेलंगाना में अपनी किसान योजनाएं क्यों नहीं लागू करती? कर्नाटक और तेलंगाना में विकास के सारे काम ठप्प हैं। कांग्रेस कट्टर बेईमान पार्टी है।

इसके साथ ही कहा, कांग्रेस आर्टिकल 370 को फिर से बहाल करने का समर्थन कर रही है।
यानि, कुछ साल पहले तक, वहां हरियाणा के हमारे वीर सैनिकों पर जो पत्थर चलते थे, कांग्रेस उस दौर को वापस लाना चाहती है। कांग्रेस आतंक और अलगाव के उस कालखंड को वापस लौटाना चाहती है। कांग्रेस के लिए तुष्टिकरण ही सबसे बड़ा लक्ष्य है। आज तो हालत ये हो गई है कि कांग्रेस के राज में कर्नाटक में गणपति जी को भी सलाखों के पीछे डाला जा रहा है।
पूरा देश आज गणेश उत्सव मना रहा है… और कांग्रेस विघ्नहर्ता की पूजा में भी विघ्न डाल रही है।

पीएम ने कहा, कांग्रेस देश की एकता पर लगातार हमला कर रही है। भाजपा को बदनाम करने के लिए उसको भारत को बदनाम करने में शर्म नहीं आ रही है। इसलिए अब कांग्रेस और उसके साथियों से सावधान रहना है। भारत में सबसे बड़ा दलित, ओबीसी और आदिवासी विरोधी अगर कोई है तो वो कांग्रेस का परिवार है। अभी इन लोगों ने कहा है कि अगर सरकार में आए तो दलितों और पिछड़ों का आरक्षण खत्म कर देंगे। यही इस परिवार की सच्चाई है।

Related Articles

Back to top button