
लखनऊ: अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग को लेकर शनिवार को लखनऊ में वकीलों का प्रदर्शन तेज हो गया। विधानसभा की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों ने कई स्थानों पर पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी। हजरतगंज से लेकर विधानसभा गेट नंबर-2 तक पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच धक्कामुक्की की स्थिति बनी रही।बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े वकीलप्रदर्शन की शुरुआत कैसरबाग स्थित न्यायालय परिसर से हुई। यहां से अधिवक्ता पैदल मार्च करते हुए परिवर्तन चौक और अटल चौक के रास्ते विधानसभा की ओर रवाना हुए। हजरतगंज चौराहे पर पहुंचने पर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की एक बैरिकेडिंग तोड़ दी। कुछ वकील दूसरी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और आगे बढ़ने लगे।इसके बाद कैसरबाग, परिवर्तन चौक, हजरतगंज और जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा के पास भी बैरिकेडिंग हटाने की कोशिश की गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारी वकीलों के बीच जमकर धक्कामुक्की हुई।विधानसभा के सामने भी पुलिस से भिड़ंतप्रदर्शनकारी अधिवक्ता विधानसभा के गेट नंबर-2 तक पहुंच गए। यहां उन्होंने पुलिस की बैरिकेडिंग अपने कब्जे में लेने की कोशिश की। मौके पर पुलिस और वकीलों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। पुलिस अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों को समझाकर रोकने का प्रयास करते रहे।अधिवक्ता सुरक्षा कानून पर अड़े वकीलवकीलों की मुख्य मांग अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम को जल्द लागू करना है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पेशे से जुड़े लोगों की सुरक्षा के लिए अलग कानून जरूरी है। इस आंदोलन को प्रदेश के कई अधिवक्ता संगठनों का समर्थन मिला है।विधानसभा घेराव के ऐलान के मद्देनजर पुलिस ने मार्च के पूरे रास्ते पर सुरक्षा बढ़ा दी थी। कई थानों की पुलिस के साथ अतिरिक्त बल भी तैनात किया गया। इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों के आगे बढ़ने से कई जगह पुलिस को उन्हें रोकने में मशक्कत करनी पड़ी।



