भ्रष्टाचारी चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, एक्शन जरूर होगा : पीएम मोदी

मेरठ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मेरठी में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। साथ ही मंच से चौधरी चरणसिंह को याद कर भाषण की शुरुआत की। कहा कि मेरठ से मेरा खास रिश्ता है। इसके साथ ही कहा कि, भ्रष्टाचारी कान खोलकर सुन लें, मोदी पर चाहे जितने भी हमले करो, ये मोदी है, रुकने वाला नहीं है।

उन्होंने कहा, भारत का समय आ गया है, भारत चल पड़ा है। आज भारत में तेजी से आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर बन रहा है। आज भारत इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण पर अभूतपूर्व निवेश कर रहा है। आज हर सेक्टर में नौजवानों के लिए नए अवसर बन रहे हैं। आज देश की नारीशक्ति, नए संकल्पों के साथ आगे आ रही है। आज भारत की साख नई ऊंचाई पर है, पूरी दुनिया भारत को भरोसे से देख रही है।

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, भ्रष्टाचारियों पर हर कीमत पर कार्रवाई होगी। मैं अपने देश को भ्रष्टाचारियों से बचाने के लिए एक बहुत बड़ी लड़ाई लड़ रहा हूं। इसलिए बड़े-बड़े भ्रष्टाचारी आज सलाखों के पीछे हैं। सुप्रीम कोर्ट से भी जमानत नहीं मिल रही है।

पीएम ने कहा कि, भ्रष्टाचारी कान खोलकर सुन लें, मोदी पर चाहे जितने भी हमले करो, ये मोदी है, रुकने वाला नहीं है। भ्रष्टाचारी चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, एक्शन होगा और जरूर होगा। जिसने देश को लूटा है, उसे लौटाना ही पड़ेगा। ये मोदी की गारंटी है।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि, आज कांग्रेस का एक और देश विरोधी कारनामा देश के सामने आया है। तमिलनाडु में भारत के समुद्री तट से कुछ दूर, श्रीलंका और ​तमिलनाडु के बीच में एक द्वीप है कच्छतीवु। देश आजाद हुआ तब ये द्वीप हमारे पास था, लेकिन कांग्रेस ने 4-5 दशक पहले मां भारती का एक अंग काट दिया और भारत से अलग कर दिया।

Related Articles

Back to top button