किसानों के प्रदर्शन को लेकर पुलिस अलर्ट, रोकने को ठोकी कील, टीकरी बॉर्डर पर कड़े इंतजाम

नई दिल्ली। अपनी मांगों को लेकर किसानों ने दिल्ली कूच का मन बना लिया है। बड़ी संख्या में एक बार फिर किसान दिल्ली पहुंचेंगे। संयुक्त किसान मोर्चा और किसान मजदूर मोर्चा समेत 26 किसान संगठनों ने 13 फरवरी को दिल्ली कूच करने के ऐलान के बाद अब 16 फरवरी को भारत बंद का आह्वान कर दिया है। उधर, हरियाणा सरकार ने किसानों को रोकने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। पंजाब और हरियाणा सीमा पूरी तरह से सील कर दी गई हैं। साथ ही ज्यादा से ज्यादा तादाद में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।

हरियाणा के अंबाला से चंडीगढ़ आवागमन की एक-एक लेन खुली है। वह भी कभी भी बंद की जा सकती है। जिले में प्रशासन मुस्तैद नजर आ रहा है और शंभू टोल पर बीएसएफ के जवानों की तैनाती की गई है। जैमर के बीच सूचनाओं का आदान-प्रदान नहीं हो सकेगा। लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक है।

पंजाब के किसानों ने ऐलान किया है कि 10 हजार ट्रैक्टर ट्रॉलियों पर दिल्ली जाने के लिए हरियाणा में दाखिल होंगे। इसके लिए शंभू बॉर्डर, डबवाली और खनौरी बॉर्डर को चुना गया है। इन तीनों बॉर्डर को सील कर दिया गया है। यहां इतनी ज्यादा तादाद में सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। पुलिस के साथ पंजाब हरियाणा सीमा पर बीएसएफ और आरएएफ के जवानों को भी तैनात किया गया है।

Related Articles

Back to top button