राहुल गांधी का भाजपा सरकार पर निशाना, बोले-आज हिंदुस्तान में दो विचारधाराओं की लड़ाई है, जिसमें हमें एकजुट होकर लड़ना है

मुंबई। लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का एलान हो गया है। देशभर में सात चरणों में लोकसभा के चुनाव होंगे। पहले चरण के लिए 19 अप्रैल को वोटिंग होगी, जबकि 4 जून को चुनाव के नतीजे आएंगे। चुनाव के एलान के बाद देशभर में सियासी सरगर्मी बढ़ गयी है। राहुल गांधी मुंबई में मणि भवन से अगस्त क्रांति मैदान तक न्याय संकल्प पदयात्रा कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा सरकार पर नफरत फैलाने का आरोप लगाया ।

राहुल गांधी ने कहा कि, हिंदुस्तान पहला देश है, जिसने आज़ादी की लड़ाई भी मोहब्बत के साथ लड़ी। मैं दक्षिण अफ़्रीका गया तो नेल्सन मंडेला जी ने कहा कि-हमें आजादी की राह गांधी जी और हिंदुस्तान ने दिखाई है। हिंदुस्तान मोहब्बत का देश है, लेकिन इसमें नफरत फैल रही है। इस नफरत का कारण अन्याय है। देश में जनता के साथ रोज़ अन्याय हो रहा है। देश में चंद अरबपतियों का लाखों-करोड़ों का कर्ज माफ हो जाता है, लेकिन किसानों का एक रुपया माफ नहीं होता।

उन्होंने आगे कहा कि, जब हमारी सरकार ने किसान कर्ज माफी की बात की तो BJP ने कहा-किसान आलसी हो जाएगा। मनरेगा लाए तो कहा कि मजदूरों की आदत बिगड़ जाएगी। लेकिन जब वे चंद उद्योगपतियों का लाखों-करोड़ों का कर्ज माफ करते हैं तो क्या उनकी आदत नहीं बिगड़ती? आज एक तरफ कुछ लोगों के पास देश का पूरा धन है। वहीं दूसरी ओर युवा, किसान, मजदूर के साथ अन्याय हो रहा है।

इसके साथ ही कहा, ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में लाखों लोग चले। यात्रा की ताकत मैं नहीं बल्कि वो लोग थे, जो मेरे साथ चले। आज हिंदुस्तान में दो विचारधाराओं की लड़ाई है, जिसमें हमें एकजुट होकर लड़ना है। हिंदुस्तान को केवल एक व्यक्ति के निर्णय पर नहीं बल्कि सभी को सुनकर, उनके फैसले से चलाया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button