राहुल के चीन पर दावे से संसद में हंगामा, राजनाथ सिंह बोले-जिस किताब का आप जिक्र कर रहे, वह अप्रकाशित

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आज पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल नरवणे की किताब का उल्लेख किया, जिसके बाद सदन में जमकर हंगामा हुआ। इसके साथ ही सदन तीन बजे तक स्थगित कर दिया गया है। राहुल गांधी के किताब के जिक्र पर राजनाथ सिंह और गृहमंत्री अमित शाह ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। स्पीकर ओम बिरला ने भी सदन की परंपरा और नियमों का उल्लेख करते हुए राहुल को आगाह किया कि लोकसभा में ऐसे किसी भी तथ्य का उल्लेख नहीं किया जा सकता, जिसका प्रकाशन नहीं हुआ है। राहुल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में हिस्सा ले रहे थे।

इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर आपत्ति जताई और कहा कि राहुल गांधी सदन को गुमराह ना करें। राहुल गांधी ने सदन में एक अप्रकाशित किताब के कोट्स का हवाला दिया, जो सदन के नियमों के खिलाफ है। जिस पर राहुल गांधी ने कहा कि उनका सोर्स भरोसेमंद है और इसमें एक पूर्व आर्मी जनरल के अप्रकाशित संस्मरणों के कोट्स शामिल हैं। इस दौरान स्पीकर ओम बिरला ने राहुल गांधी से नियमों का पालन करने की अपील की। ओम बिरला ने कहा कि नियमों और परंपरा से संसद चलना चाहिए।

राहुल गांधी ने कहा कि, BJP कहती है कि वो आतंकवाद से लड़ती है, लेकिन वो एक Quote से डरती है। आखिर जनरल मनोज मुकुंद नरवणे जी की किताब ‘Four Stars of Destiny’ में ऐसा क्या लिखा है, जिससे मोदी सरकार के लोग इतना घबरा रहे हैं कि मुझे पढ़ने ही नहीं दे रहे हैं।

Related Articles

Back to top button